Weather Alert: कई राज्यों में लू का कहर, पूर्वाेत्‍तर में जारी रहेगी आंधी-बारिश, पढ़ें मौसम का अपडेट

Weather Alert: कई राज्यों में लू का कहर, पूर्वाेत्‍तर में जारी रहेगी आंधी-बारिश, पढ़ें मौसम का अपडेट

कई राज्यों में लू का असर जारी रहने की चेतावनी दी गई है, जबकि पूर्वोत्तर क्षेत्रों में आंधी और बारिश का दौर बना रहेगा. मौसम विभाग ने अलग-अलग हिस्सों के लिए अलग अलर्ट जारी किए हैं.

Weather UpdateWeather Update
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Apr 25, 2026,
  • Updated Apr 25, 2026, 8:11 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलगी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी, आंधी और भारी बारिश की चेतावनी दी है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में 3-4 दिन तक लू चलने की संभावना है. वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और बिहार में 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का खतरा है. इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत में पूरे हफ्ते गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश और कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है.

25 अप्रैल को देशभर का मौसम अपडेट

IMD के अनुसार, 25 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी का असर बना रहेगा और अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लू जैसे हालात रह सकते हैं. 

वहीं, पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में तापमान 36 से 40 डिग्री के बीच रहेगा, लेकिन आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ने से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. 

पूर्वोत्तर राज्यों में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश सहित कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम का हाल?

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबि‍क, दिल्ली-NCR में 25 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन लू का असर जारी रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, दिन के समय 15-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो 35 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. इसके बाद 26 और 27 अप्रैल को भी गर्मी बनी रहेगी, हालांकि 27 अप्रैल को दोपहर या शाम के समय हल्की गर्जना और बादल बनने की संभावना जताई गई है.

देशभर में आगे ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई दिनों तक बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ आंधी चल सकती है.
वहीं, पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में लगातार बारिश, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है.

इसके अलावा पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी संभव है. मध्य भारत में मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. हालांकि, गर्मी का असर भी बना रहेगा.

वहीं, दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. पश्चिम भारत में महाराष्ट्र और गोवा के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि तेज आंधी और ओलावृष्टि को देखते हुए खेतों में खड़ी फसलों और कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें. फलों और सब्जियों की फसलों को सहारा दें और जल निकासी की उचित व्यवस्था करें. 

हीटवेव वाले क्षेत्रों में फसलों को हल्की और बार-बार सिंचाई दें और मल्चिंग का उपयोग करें ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे. पशुपालकों को पशुओं को छाया में रखने, पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और चारे को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है.

MORE NEWS

Read more!