Aaj Ka Mausam: दिल्ली में झमाझम बारिश, उत्तराखंड-केरल समेत 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Aaj Ka Mausam: दिल्ली में झमाझम बारिश, उत्तराखंड-केरल समेत 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में सुबह की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन देश के कई राज्यों में मॉनसून मुसीबत बन गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड, केरल, जम्मू-कश्मीर समेत 17 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

आज का मौसमआज का मौसम
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 06, 2026,
  • Updated Aug 06, 2026, 8:40 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा. सबसे ज्यादा चिंता मेघालय और उत्तराखंड को लेकर जताई गई है, जहां 6 अगस्त को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश  होने की संभावना है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है. वहीं, राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार की सुबह भी फुहारों के साथ हुई. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.

देश के 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 6 और 7 अगस्त को उत्तराखंड, कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान-निकोबार, ओडिशा, झारखंड, असम, मेघालय, महाराष्ट्र, कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.

दिल्ली-एनसीआर का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला अगले दो-तीन दिन तक जारी रहने का पूर्वानुमान है. इससे पहले बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में करीब दो घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, जबकि गुरुवार सुबह से ही दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 6 से 8 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर फुहारें पड़ती रहेंगी. हालांकि, आईएमडी ने दिल्ली के लिए कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है. वहीं, बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. उत्तराखंड में अगले कई दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बाकी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा. बिजली गिरने, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों और पर्यटकों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की गई है. भारी बारिश के मद्देनजर चमोली और बागेश्वर में 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है.

मध्य और दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर

पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी कई जगह बारिश होगी. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है.  वहीं, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी बारिश जारी रहेगी. मध्य महाराष्ट्र में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है. इसके अलावा केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में भी बारिश जारी रहने का अनुमान है. केरल और कर्नाटक के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

खेती-किसानी के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है वहां खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था रखें. बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा और मध्य भारत के किसानों को फिलहाल उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव टालने की सलाह दी गई है. धान, मक्का, सोयाबीन, कपास और दलहनी फसलों में जलभराव नहीं होने देना चाहिए. सब्जियों और बागवानी फसलों में मजबूत सहारा देने के साथ पके हुए फल एवं सब्जियों की समय पर तुड़ाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें. कटाई की गई उपज को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखें. पशुओं को खुले में न छोड़ें और चारे को सूखी जगह पर सुरक्षित रखें ताकि लगातार बारिश से नुकसान न हो. 

MORE NEWS

Read more!