दिल्ली-NCR में रुक-रुककर बारिश! पहाड़ी राज्यों में अलर्ट जारी, जानें देशभर के मौसम का हाल

दिल्ली-NCR में रुक-रुककर बारिश! पहाड़ी राज्यों में अलर्ट जारी, जानें देशभर के मौसम का हाल

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 5 अगस्त के लिए देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने और कई दौर की हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. जानिए देशभर के मौसम का हाल...

Advertisement
दिल्ली-NCR में रुक-रुककर बारिश! पहाड़ी राज्यों में अलर्ट जारी, जानें देशभर के मौसम का हालआज का मौसम (AI Image)

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.  मौसम विभाग के अनुसार, सबसे गंभीर स्थिति पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रहने की आशंका है. असम और मेघालय में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, केरल, तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में भी भारी बारिश की आशंका है. लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के उफान और यातायात बाधित होने का खतरा बना रहेगा.

दिल्ली-NCR में कई दौर की बारिश के आसार

IMD ने अपने बुलेटिन में कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में 5 अगस्त को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि शाम और रात के समय एक और दौर की बारिश देखने को मिल सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दक्षिण-पश्चिम दिशा से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा. 

उत्तर भारत में कई राज्यों पर बारिश का असर

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. हिमाचल और उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश से भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना रहेगा. पंजाब, हरियाणा में भी कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है. पश्चिम उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मौसम सक्रिय बना रहेगा. 

पूर्वी-पूर्वोत्तर भारत में सबसे ज्यादा बारिश की संभावना

विभाग के मुताबि‍क, बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश का दौर जारी रहेगा. बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. 

वहीं असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार तेज बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में अत्यधिक भारी वर्षा के कारण अचानक बाढ़, जलभराव और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. 

इन राज्‍यों भी सक्रिय रहेगा मॉनसून

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. पश्चिम मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में भारी वर्षा की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी बारिश जारी रहेगी. दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.  

खेती-किसानी के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है वहां खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था रखें. बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा और मध्य भारत के किसानों को फिलहाल उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव टालने की सलाह दी गई है. 

धान, मक्का, सोयाबीन, कपास और दलहनी फसलों में जलभराव नहीं होने देना चाहिए. सब्जियों और बागवानी फसलों में मजबूत सहारा देने के साथ पके हुए फल एवं सब्जियों की समय पर तुड़ाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें. कटाई की गई उपज को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखें. पशुओं को खुले में न छोड़ें और चारे को सूखी जगह पर सुरक्षित रखें ताकि लगातार बारिश से नुकसान न हो. 

POST A COMMENT