
गुजरात में भारी बारिश ने कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग की चेतावनी के बीच खेड़ा जिले के वसो इलाके में बारिश ने विकराल रूप ले लिया है. यहां पिछले 24 घंटे में 17 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद पूरे गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. गांव की गलियां, बाजार और रिहायशी इलाके पूरी तरह पानी में डूब गए हैं. हालात ऐसे हैं कि कई लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह गए हैं.
खेड़ा जिले के वसो गांव में भारी बारिश के बाद चारों तरफ जलभराव का नजारा देखने को मिल रहा है. गांव का मुख्य बाजार, काछिया पोल, इंदिरा नगरी और खाली कुई जैसे इलाके पूरी तरह पानी में डूब गए हैं. सड़कों पर कई फीट तक पानी भर जाने से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.
बारिश का असर सरकारी दफ्तरों और संस्थानों पर भी पड़ा है. गांव का पंचायत कार्यालय और सरकारी स्कूल भी पानी में डूब गए हैं. इसके अलावा सेवा सहकारी मंडली में पानी भरने से वहां रखा खाद, बीज और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. मंडली में रखा राशन और किराने का सामान भी पानी में खराब हो गया है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
लगातार बारिश के कारण वसो गांव की मुख्य सड़कों पर घुटनों और कमर तक पानी भर गया है. इससे लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है. गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने पिछले 20 वर्षों में बारिश का ऐसा भयावह रूप पहली बार देखा है.
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई घरों में दो-दो फीट तक पानी भर गया था. हालांकि अब कुछ इलाकों में घरों से पानी धीरे-धीरे निकलना शुरू हुआ है, लेकिन बाहर की सड़कों और गलियों में अभी भी पानी जमा हुआ है.
मौसम विभाग ने आगे भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है. इसे देखते हुए ग्रामीण अपने स्तर पर बचाव के उपाय कर रहे हैं. काछिया पटेल की पोल के कई लोग अपने घरों के मुख्य दरवाजों के सामने ईंट और सीमेंट की छोटी दीवारें बना रहे हैं, ताकि दोबारा पानी घरों में प्रवेश न कर सके.
लोग अपने जरूरी सामान को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा रहे हैं. कई परिवारों ने राशन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, फ्रिज और अन्य जरूरी चीजों को ऊंची जगहों पर रख दिया है, ताकि उन्हें पानी से नुकसान न पहुंचे.
बारिश से पैदा हुई इस गंभीर स्थिति के बीच ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी आपदा के बावजूद अभी तक कोई बड़ा अधिकारी या जनप्रतिनिधि हालात का जायजा लेने नहीं पहुंचा है.
ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि मुश्किल समय में उन्हें अकेले ही हालात का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि अगर बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो स्थिति और ज्यादा गंभीर हो सकती है.
गुजरात के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है. वहीं, प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों की जरूरत बढ़ गई है. वसो गांव की स्थिति इस बात का उदाहरण है कि लगातार तेज बारिश किस तरह सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर सकती है. (हेताली शाह का इनपुट)
ये भी पढ़ें:
अब पनीर रहेगा 10 दिनों तक ताजा! ICAR ने विकसित की ये नई तकनीक
बजट पेपर लेकर मंदिर पहुंचे कृषि मंत्री और की प्रार्थना, हो गया विवाद, जानें क्या है पूरा मामला