भारत एग्रीकल्चर कॉन्क्लेव में गूंजे किसानों के गीत, मनोज तिवारी ने बताया खेती का अपना अनुभव

भारत एग्रीकल्चर कॉन्क्लेव में गूंजे किसानों के गीत, मनोज तिवारी ने बताया खेती का अपना अनुभव

भारत एग्रीकल्चर कॉन्क्लेव में भाजपा सांसद और लोकगायक मनोज तिवारी ने किसानों के लिए गीत गाए. उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि के तहत सालाना ₹6,000 की मदद, मिट्टी की सेहत, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जैविक खेती और बिहार के मखाना किसानों की बढ़ती आमदनी पर अपने विचार साझा किए.

धर्मेंद्र सिंह
  • New Delhi ,
  • Nov 12, 2026,
  • Updated Nov 12, 2026, 6:02 PM IST

नई दिल्ली। भारत एग्रीकल्चर कॉन्क्लेव के मंच पर पहुंचे भाजपा सांसद और प्रसिद्ध लोकगायक मनोज तिवारी ने किसानों के साथ खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा किए. इस दौरान उन्होंने किसानों के लिए गीत भी गुनगुनाए और अपने अंदाज में खेती, मिट्टी की सेहत, जैविक कृषि और किसानों की आर्थिक मजबूती का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि किसान को खेत में बीज बोने के लिए यदि थोड़ी आर्थिक मदद मिल जाए तो यह उसके लिए बहुत बड़ी राहत होती है. इसी जरूरत को समझते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था की है.

मनोज तिवारी ने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए खेती की लागत और उपज के उचित मूल्य पर ध्यान देना जरूरी है. उन्होंने किसानों को मिलने वाली सहायता और लागत पर 50 प्रतिशत अधिक मूल्य देने की नीति का भी उल्लेख किया. उनके मुताबिक, किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ खेती की बुनियादी जरूरतों पर ध्यान देना भी उतना ही आवश्यक है.

धरती मां की सेहत ठीक होगी, तभी खेतों से मिलेगा भरपूर उत्पादन

मनोज तिवारी ने खेती में मिट्टी के स्वास्थ्य को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि धरती माता की सेहत का ध्यान रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत है.जब तक मिट्टी स्वस्थ नहीं होगी, तब तक खेतों से भरपूर उत्पादन हासिल करना मुश्किल होगा.

उन्होंने मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने मिट्टी की गुणवत्ता और उसकी जरूरतों को समझने की दिशा में काम किया है. किसानों को यह समझना होगा कि खेत की मिट्टी का स्वास्थ्य बेहतर रखना केवल अच्छी पैदावार के लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जरूरी है.

 खेतवा पुकारत बा... गीत के जरिए किसानों से की खास अपील

कार्यक्रम के दौरान मनोज तिवारी ने अपनी लोकगायकी के अंदाज में किसानों के लिए गीत भी गाया. उन्होंने गीत के माध्यम से खेतों और मिट्टी की पुकार को सामने रखा.किसानों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि खेतों की सेहत सुधारने और मिट्टी को बचाने के लिए प्राकृतिक और जैविक खेती की दिशा में प्रयास तेज करने चाहिए.

उन्होंने अपने गीत के जरिए संदेश दिया कि खेत और मिट्टी सुरक्षित रहेंगे, तभी देश की कृषि व्यवस्था मजबूत होगी.उन्होंने कहा कि यह समय की जरूरत है कि किसान खेतों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और इस दिशा में व्यापक अभियान शुरू किया जाए.

'मैं भी किसान हूं', अपनी खेती का अनुभव भी किया साझा

मनोज तिवारी ने किसानों के बीच अपने खेती से जुड़े अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा, "मैं भी किसान हूं.मेरी तीन सुविधा की खेती है। डेढ़ सुविधा मुझे अपने पिता से मिली थी और डेढ़ सौ बीघा जमीन मैंने अपनी मेहनत से खरीदी है."

उन्होंने बताया कि वह गाय की मदद से जैविक खेती भी कर रहे हैं. उनके मुताबिक, खेती को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसमें पशुपालन और जैविक तरीकों को भी शामिल करना चाहिए. इससे खेतों की उर्वरता बनाए रखने और टिकाऊ कृषि व्यवस्था विकसित करने में मदद मिल सकती है.

बिहार के मखाने ने बदली किसानों की पहचान, विदेशों तक पहुंचा उत्पाद

भारत एग्रीकल्चर कॉन्क्लेव के मंच से मनोज तिवारी ने बिहार की मखाना खेती की भी जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि मखाने की खेती ने बिहार के किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ-साथ राज्य को एक अलग पहचान दिलाई है.

आज बिहार का मखाना केवल देश के बाजारों तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी इसकी मांग और निर्यात बढ़ रहा है.उन्होंने इसे किसानों की मेहनत और कृषि क्षेत्र में नए अवसरों का उदाहरण बताया.

मनोज तिवारी ने कहा कि मखाना जैसे कृषि उत्पादों ने किसानों के लिए कमाई के नए रास्ते खोले हैं. इससे बिहार की पहचान मजबूत हुई है और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है.

किसानों की समृद्धि से मजबूत होगा देश

मनोज तिवारी ने अपने संबोधन में किसानों की आर्थिक मजबूती, मिट्टी के संरक्षण, जैविक खेती और कृषि उत्पादों की बेहतर पहचान को देश की तरक्की से जोड़कर देखा. उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ खेती को टिकाऊ बनाना भी जरूरी है.

भारत एग्रीकल्चर कॉन्क्लेव के मंच से उनका संदेश साफ रहा कि स्वस्थ मिट्टी, बेहतर खेती और किसानों की समृद्धि ही मजबूत कृषि व्यवस्था की बुनियाद है.खेत बचेंगे, मिट्टी स्वस्थ रहेगी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा, तभी देश की कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था आगे बढ़ेगी.

 

MORE NEWS

Read more!