
देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. वहीं, 8 अक्टूबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि तमिलनाडु और केरल में 8 से 10 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की आशंंका है.
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 7 से 12 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 7 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. उत्तराखंड में 7 से 10 अक्टूबर के दौरान तेज हवाओं का असर रह सकता है.
वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 7 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. आईएमडी के मुताबिक, इन इलाकों में 8 और 9 अक्टूबर को भी तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में 7 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दिन के समय उत्तर-पश्चिमी हवा की रफ्तार 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि शाम और रात में दक्षिण-पूर्वी हवाएं 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं.
इधर, पूर्वी भारत में 7 अक्टूबर को मौसम सक्रिय रहेगा. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 और 8 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर को इन दोनों क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
गंगीय पश्चिम बंगाल में 7 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि ओडिशा में 7 से 12 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इसके अलावा, बिहार और झारखंड में भी 7 से 10 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश जारी
पूर्वोत्तर भारत में भी 7 अक्टूबर को बारिश का सिलसिला बना रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश में 7 से 11 अक्टूबर, असम और मेघालय में 7 से 10 अक्टूबर और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 अक्टूबर तक कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है.
वहीं, मध्य भारत में 7 अक्टूबर को पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश में 9 अक्टूबर तक और छत्तीसगढ़ में 10 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक की गतिविधियां भी हो सकती हैं. उधर, पश्चिमी भारत में 7 अक्टूबर को कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है.
दक्षिण भारत में 7 अक्टूबर से मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 10 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में 7 अक्टूबर को भी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रह सकता है.
केरल और माहे में 7 से 11 अक्टूबर तक कई जगहों पर बारिश की संभावना है. यहां 9 और 10 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट है. 7 और 8 अक्टूबर को तेज हवाएं चल सकती हैं. कर्नाटक के दक्षिणी आंतरिक हिस्सों में 7 अक्टूबर को गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं, जबकि 9 और 10 अक्टूबर को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश की संभावना है.
तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और रायलसीमा में 7 और 8 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में 8 अक्टूबर तक तेज सतही हवाओं की संभावना भी जताई है. इस दौरान स्थानीय स्तर पर मौसम अचानक बदल सकता है.