बारिश से अभी राहत नहीं! दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में अलर्ट, कई राज्यों से मॉनसून की विदाई तेज

बारिश से अभी राहत नहीं! दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में अलर्ट, कई राज्यों से मॉनसून की विदाई तेज

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर अभी जारी रहने वाला है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी है. वहीं, देश के कई हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी भी तेज हो गई है.

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में अलर्टदक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में अलर्ट
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Oct 04, 2026,
  • Updated Oct 04, 2026, 7:00 AM IST

देशभर में इस समय में मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है. उत्तर भारत में जहां मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने और मॉनसून की वापसी आगे बढ़ने की संभावना है, वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में बारिश का दौर बना रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने  4 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का अनुमान जताया है. दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. वहीं, दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों में मौसम बदलने की संभावना है. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में 4 अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. हालांकि, 4 अक्टूबर को दिल्ली-NCR के लिए भारी बारिश का अलर्ट नहीं है. इसके बाद मौसम में बदलाव की संभावना बढ़ेगी. मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 9 अक्टूबर के दौरान दिल्ली-NCR में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. ऐसे में अगले कुछ दिनों में दिल्ली-NCR में गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद बन सकती है.

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

4 अक्टूबर को केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 4 से 6 अक्टूबर के बीच केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं. साथ ही तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी 4 से 9 अक्टूबर के दौरान कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. तेलंगाना में 5 से 7 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है.

पूर्वोत्तर में बिजली गिरने की संभावना

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा. 4 से 9 अक्टूबर तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. 4 अक्टूबर को असम और मेघालय में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना भी जताई है. वहीं, पूर्वोत्तर के कई राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रह सकता है.

उत्तर भारत में भी बदल सकता है मौसम

उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश का दौर शुरू हो सकता है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 से 8 अक्टूबर के दौरान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 और 7 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 5 से 9 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है. वहीं, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 6 से 8 अक्टूबर के दौरान बारिश की संभावना है. 9 अक्टूबर को इन इलाकों में कुछ जगहों पर ज्यादा व्यापक बारिश भी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

कई राज्यों से मॉनसून की वापसी जारी

इस बीच दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी भी लगातार आगे बढ़ रही है. मॉनसून उत्तर भारत के बचे हुए हिस्सों, पूरे गुजरात और मध्य प्रदेश के साथ बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से वापस जा चुका है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों में मराठवाड़ा और विदर्भ के अधिकांश हिस्सों के साथ महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों और तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों से भी मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. 

MORE NEWS

Read more!