महाराष्ट्र में 81.4 लाख किसानों ने कराया फसल बीमा रजिस्‍ट्रेशन, पिछले साल के मुकाबले बड़ी गिरावट

महाराष्ट्र में 81.4 लाख किसानों ने कराया फसल बीमा रजिस्‍ट्रेशन, पिछले साल के मुकाबले बड़ी गिरावट

महाराष्ट्र में इस साल फसल बीमा के लिए किसानों की भागीदारी पिछले साल से कम है. जुलाई अंत तक 61.82 लाख किसानों ने रजिस्‍ट्रेशन कराया था, जो 10 दिन की अतिरिक्त समयसीमा के बाद बढ़कर 81.40 लाख हो गया. कर्जदार किसानों का रजिस्‍ट्रेशन और प्रीमियम भुगतान बैंकों के जरिए अगस्त के अंत तक पूरा किया जा सकेगा.

maharashtra crop insurance registrationmaharashtra crop insurance registration
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 12, 2026,
  • Updated Aug 12, 2026, 3:49 PM IST

महाराष्ट्र में फसल बीमा योजना के तहत किसानों के रजिस्‍ट्रेशन की संख्या बढ़कर 81.40 लाख हो गई है, लेकिन यह प‍िछले साल के मुकाबले कम है. राज्य सरकार की ओर से रजिस्‍ट्रेशन की समयसीमा में 10 दिन की बढ़ोतरी किए जाने के बाद किसानों की संख्या में करीब 19.6 लाख का इजाफा हुआ है. राज्य सहकारिता विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, 10 अगस्त तक कुल 81,40,913 किसान फसल बीमा के लिए रजिस्‍ट्रेशन करा चुके हैं. राज्य में इस साल फसल बीमा को लेकर किसानों की भागीदारी पिछले साल की तुलना में बड़ी गिरावट देखी गई है. जुलाई के अंत तक केवल 61,82,218 किसानों ने रजिस्‍ट्रेशन कराया था, जबकि पिछले साल इसी योजना के तहत करीब 95 लाख किसानों ने रजिस्‍ट्रेशन कराया था. इसके बाद सरकार ने किसानों को राहत देते हुए रजिस्‍ट्रेशन के लिए 10 दिन की अतिरिक्त समयसीमा दी. 

77 लाख से ज्यादा गैर-कर्जदार किसान

कुल रजिस्‍ट्रेशन में गैर-कर्जदार किसानों की संख्या सबसे ज्यादा है. ऐसे 77,16,246 किसान हैं, जिन्होंने फसल लोन नहीं लिया है और अपनी फसल का बीमा कराया है. इन किसानों की बीमित राशि को मिलाकर योजना के तहत कुल 30,281 करोड़ रुपये की फसल बीमा राशि कवर हुई है.

कर्ज लेने वाले किसानों को अगस्त तक मौका

जिन किसानों ने फसल ऋण लिया है, उनके पंजीकरण की प्रक्रिया अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है. बैंकों को अगस्त के अंत तक कर्जदार किसानों का विवरण बीमा कंपनियों को भेजने और उनके बीमा प्रीमियम का भुगतान करने की अनुमति दी गई है. ऐसे किसानों के मामले में बैंक लोन राशि से बीमा प्रीमियम काटकर संबंधित फसल बीमा कंपनी को जमा करेंगे और बाकी रकम किसान को लोन के रूप में दी जाएगी.

करीब 10 लाख और किसानों के जुड़ने की उम्मीद

राज्य में पिछले साल जुलाई के अंत तक करीब 31 लाख किसानों ने फसल लोन लिया था. इनमें लगभग 16 लाख किसान गन्ने की खेती के लिए कर्जदार थे. गन्ना फसल बीमा योजना के दायरे में शामिल नहीं है. ऐसे में इस साल बचे हुए कर्जदार किसानों में से करीब 10 लाख के फसल बीमा योजना से जुड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है.

कम रजिस्‍ट्रेशन की वजह क्या रही?

इस साल रजिस्‍ट्रेशन की धीमी रफ्तार के पीछे किसानों की ओर से पिछले साल फसल बीमा योजना से अपेक्षित लाभ नहीं मिलने और मौजूदा सीजन में पात्रता के नियमों को अधिक सख्त किए जाने को प्रमुख वजह माना गया. जुलाई के अंत तक रजिस्‍ट्रेशन की संख्या काफी कम रहने के बाद सरकार ने 10 दिन की अतिरिक्त मोहलत देने का फैसला किया.

नांदेड में सबसे ज्यादा किसानों ने कराया बीमा

जिलों की बात करें तो नांदेड रजिस्‍ट्रेशन के मामले में सबसे आगे रहा. यहां 9,48,736 किसानों ने फसल बीमा कराया है. इसके बाद बीड में 9,34,802, लातूर में 6,21,776, परभणी में 5,23,392 और अहिल्यानगर में 5,00,232 किसानों ने रजिस्‍ट्रेशन कराया है.

रत्नागिरी में सबसे कम रजिस्‍ट्रेशन

दूसरी ओर, महाराष्ट्र के कुछ जिलों में फसल बीमा के लिए किसानों की भागीदारी काफी कम रही. रत्नागिरी में सबसे कम 10,426 रजिस्‍ट्रेशन हुए हैं. इसके बाद कोल्हापुर में 11,182, रायगढ़ में 16,034, सिंधुदुर्ग में 24,225 और गढ़चिरौली में 25,182 किसानों ने रजिस्‍ट्रेशन कराया है.

गैर-कर्जदार किसानों के लिए रजिस्‍ट्रेशन की समयसीमा खत्‍म हो चुकी है, जबकि कर्जदार किसानों के मामलों में अगस्त के अंत तक बैंक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. इसके बाद महाराष्ट्र में इस सीजन फसल बीमा योजना से जुड़े किसानों की अंतिम संख्या स्पष्ट होगी. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!