बिहार में सूरजमुखी और मधुमक्खी पालन का अनोखा मॉडल, किसानों को होगी दोगुनी कमाई

बिहार में सूरजमुखी और मधुमक्खी पालन का अनोखा मॉडल, किसानों को होगी दोगुनी कमाई

बिहार सरकार सूरजमुखी की खेती के साथ मधुमक्खी पालन को जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के अनुसार इस एकीकृत मॉडल से किसानों को तेल और शहद दोनों से आय होगी. बांका, शिवहर और सारण में पायलट क्लस्टर शुरू हो चुके हैं, जहां मधुमक्खियों के परागण से सूरजमुखी की पैदावार और क्वालिटी में भी सुधार देखने को मिल रहा है. उत्पादन के साथ प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर भी सरकार विशेष जोर दे रही है.

sunflower fieldsunflower field
अंक‍ित कुमार स‍िंह
  • Patna,
  • Jul 08, 2026,
  • Updated Jul 08, 2026, 2:04 PM IST

बिहार के किसानों के लिए एक नई उम्मीद जगी है. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन के तहत सूरजमुखी की खेती के साथ मधुमक्खी पालन को जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने की योजना पर काम तेज हो गया है. यह मॉडल एक खेत से दो कमाई का सपना साकार कर रहा है.

सूरजमुखी और मधुमक्खी का अनोखा मेल

कृषि मंत्री ने कहा कि गर्मी के मौसम में जब फूल कम हो जाते हैं, तब सूरजमुखी की फसल मधुमक्खियों के लिए प्राकृतिक अमृत और पराग का बेहतरीन स्रोत बन जाती है. इससे मधुमक्खी कॉलोनियां मजबूत होती हैं और अच्छी क्वालिटी का शहद मिलता है. वहीं मधुमक्खियों के प्राकृतिक परागण से सूर्यमुखी के दानों का भराव बेहतर होता है, बीजों की क्वालिटी सुधरती है और पैदावार बढ़ जाती है. 

उन्होंने ने कहा कि यह एकीकृत मॉडल किसानों और मधुमक्खी पालकों दोनों के लिए लाभकारी है. सूरजमुखी की खेती से तेल मिलता है और मधुमक्खी पालन से शहद. दोनों से आय के दो अलग-अलग स्रोत बनते हैं. इससे किसानों की कुल आमदनी बढ़ती है और जोखिम भी कम होता है.

प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर जोर

मंत्री ने बताया कि सरकार सिर्फ उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है. कटाई के बाद प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर भी ध्यान दिया जा रहा है. तेल मिलों की स्थापना और आधुनिकीकरण के लिए सहायता दी जा रही है. इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण की सुविधा मिलेगी, परिवहन खर्च घटेगा और शुद्ध खाद्य तेल का उत्पादन बढ़ेगा.

बांका, शिवहर और सारण में शुरू हुए क्लस्टर

सिन्हा ने कहा कि बांका के धोरैया, शिवहर के पिपराही और सारण जिले में 25-25 एकड़ के क्लस्टर में सूरजमुखी के साथ मधुमक्खी पालन का काम शुरू हो गया है. इन मॉडलों के अच्छे परिणाम आने के बाद इसे पूरे राज्य में फैलाया जाएगा. वहीं मंत्री ने किसानों से आग्रह किया कि वे इस एकीकृत मॉडल को अपनाकर अपनी आय बढ़ाएं और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण में योगदान दें.

MORE NEWS

Read more!