MSP खरीद में किसानों से पैसा वसूली पर रोक की मांग, कृषि वैज्ञानिक ने हरियाणा सरकार को फिर लिखा पत्र

MSP खरीद में किसानों से पैसा वसूली पर रोक की मांग, कृषि वैज्ञानिक ने हरियाणा सरकार को फिर लिखा पत्र

हरियाणा में MSP पर सरकारी खरीद के दौरान किसानों से अतिरिक्त शुल्क वसूली का मुद्दा फिर उठा है. कृषि वैज्ञानिक वीरेन्द्र लाठर ने सरकार को पत्र भेजकर आढ़तियों द्वारा आकस्मिक और मजदूरी शुल्क की वसूली पर रोक लगाने की मांग की है. उन्होंने किसानों को निर्धारित शुल्क की जानकारी सरल हिंदी में उपलब्ध कराने और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की अपील की है.

किसानों से MSP खरीद में सिर्फ निर्धारित शुल्क लिया जाएकिसानों से MSP खरीद में सिर्फ निर्धारित शुल्क लिया जाए
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Sep 20, 2026,
  • Updated Sep 20, 2026, 1:03 PM IST

हरियाणा में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर होने वाली सरकारी खरीद के दौरान किसानों से अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है. कृषि वैज्ञानिक वीरेन्द्र लाठर ने हरियाणा सरकार को पत्र भेजकर आढ़तियों द्वारा किसानों से आकस्मिक शुल्क और मजदूरी शुल्क की वसूली पर स्पष्ट रोक लगाने की मांग की है. उन्होंने सरकार से इस संबंध में मंडियों और आढ़तियों के लिए साफ दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है.

केवल निर्धारित शुल्क लेने की मांग

वीरेन्द्र लाठर ने अपने पत्र में कहा है कि MSP पर सरकारी खरीद के दौरान किसान से केवल निर्धारित शुल्क ही लिया जाना चाहिए. उनका कहना है कि 10 पैसे प्रति बैग बोली शुल्क के अलावा किसानों से किसी अन्य आकस्मिक शुल्क या मजदूरी शुल्क की वसूली नहीं होनी चाहिए. उन्होंने सरकार से मांग की है कि आढ़तियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए जाएं, ताकि MSP पर अपनी फसल बेचने वाले किसानों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े.

MSP पर सरकारी खरीद में किसानों से अतिरिक्त वसूली का आरोप

HSAMB की अधिसूचना का दिया हवाला

कृषि वैज्ञानिक ने 17 सितंबर 2025 की हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB) की अधिसूचना का हवाला देते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है. HSAMB की संबंधित अधिसूचना में MSP पर सरकारी एजेंसी द्वारा खरीदी गई कृषि उपज के मामले में कई आकस्मिक शुल्क खरीदार द्वारा वहन किए जाने की बात कही गई है. इसमें सफाई और ड्रेसिंग से जुड़े कुछ शुल्कों के लिए आढ़ती की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है.

किसानों को हिंदी में जानकारी देने की मांग

वीरेन्द्र लाठर ने सरकार से यह भी कहा है कि आकस्मिक शुल्क से संबंधित अधिसूचना और नियमों की जानकारी किसानों को सरल हिंदी में दी जाए. उनका कहना है कि केवल अंग्रेजी में जारी दस्तावेजों के कारण कई किसानों को यह समझने में परेशानी हो सकती है कि सरकारी खरीद के दौरान उनसे कौन-सा शुल्क लिया जा सकता है और कौन-सा नहीं. उन्होंने मांग की है कि संबंधित अधिसूचना की प्रति आढ़तियों की दुकानों और फर्मों पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए जाएं. साथ ही किसानों तक भी इसकी जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि वे अपने अधिकारों और निर्धारित शुल्क के बारे में आसानी से जान सकें.

19 अगस्त के पत्र के बाद फिर उठाया मुद्दा

लाठर ने बताया कि उन्होंने इससे पहले भी 19 अगस्त 2026 को इस मुद्दे को लेकर सरकार के सामने अपनी बात रखी थी. अब उन्होंने एक बार फिर पत्र भेजकर किसान हित में इस मामले पर तत्काल संज्ञान लेने का अनुरोध किया है. उनका कहना है कि सरकारी खरीद के दौरान किसानों से लिए जाने वाले शुल्क को लेकर किसी भी तरह की अस्पष्टता नहीं रहनी चाहिए. मंडियों में किसानों को पहले से स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए कि उनकी फसल की सरकारी खरीद के दौरान कौन-कौन से शुल्क लागू हैं.

MSP खरीद शुरू होने से पहले स्पष्ट निर्देश की मांग

पत्र में कहा गया है कि खरीफ सीजन की सरकारी खरीद शुरू होने से पहले ही हरियाणा सरकार इस मामले में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे. इससे किसानों और आढ़तियों के बीच शुल्क को लेकर किसी तरह का विवाद पैदा होने से रोका जा सकेगा. गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने भी खाद्यान्न खरीद व्यवस्था से जुड़े शुल्कों और पैकेजिंग लागत के संबंध में समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी किए हैं. अगस्त 2026 में केंद्र ने सरकारी खरीद में इस्तेमाल होने वाली पुरानी जूट की बोरियों के उपयोग शुल्क को KMS 2025-26 से 10.22 रुपये प्रति बोरी या राज्य सरकार/केंद्र शासित प्रदेश की वास्तविक लागत, जो भी कम हो, करने की घोषणा की थी. वीरेन्द्र लाठर ने हरियाणा सरकार से मांग की है कि किसानों से लिए जाने वाले शुल्क को लेकर स्पष्ट और आसान भाषा में आदेश जारी किए जाएं और MSP पर सरकारी खरीद के दौरान किसानों से निर्धारित शुल्क के अलावा किसी भी राशि की वसूली को लेकर स्थिति साफ की जाए.

ये भी पढ़ें: 

खुदरा बाजार में टमाटर महंगा, थोक मंडी में कौड़ियों का भाव! किसानों ने लगाई रेट फिक्‍स करने की गुहार
जामनगर में सिंचाई के पानी के लिए किसानों का धरना, नहर में तुरंत पानी छोड़ने की मांग

MORE NEWS

Read more!