महाराष्ट्र में ‘सूखा राहत’ पर रार, कांग्रेस बोली- पहली लिस्‍ट में 28 मंत्रियों के क्षेत्र, विपक्षी इलाके छोड़े गए

महाराष्ट्र में ‘सूखा राहत’ पर रार, कांग्रेस बोली- पहली लिस्‍ट में 28 मंत्रियों के क्षेत्र, विपक्षी इलाके छोड़े गए

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने महाराष्ट्र सरकार पर सूखा प्रभावित क्षेत्रों की सूची में राजनीतिक भेदभाव का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि पहली सूची में 33 में से 28 मंत्रियों के तालुके शामिल हैं, जबकि विपक्षी क्षेत्रों को नजरअंदाज किया गया.

Maharashtra Drought PoliticsMaharashtra Drought Politics
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Sep 29, 2026,
  • Updated Sep 29, 2026, 5:22 PM IST

महाराष्ट्र में सूखे को लेकर कांग्रेस ने राज्य की महायुति सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कांग्रेस विधायक दल के नेता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने दावा किया कि सूखा प्रभावित क्षेत्रों की सूची तैयार करने में राजनीतिक भेदभाव किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों को प्राथमिकता दी, जबकि विपक्षी दलों के विधायकों के क्षेत्रों को राहत सूची से बाहर रखा गया. कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि सरकार की ओर से जारी सूखा प्रभावित क्षेत्रों की पहली सूची में 33 में से 28 राज्य कैब‍िनेट के मंत्रियों की तहसीलें शामिल हैं.

उन्होंने कहा कि इससे यह सवाल उठता है कि क्या सूखे का आकलन किसानों की स्थिति के आधार पर किया गया है या राजनीतिक प्रतिनिधित्व के आधार पर? कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में किसान भीषण सूखे का सामना कर रहे हैं, लेकिन वहां स्थिति का जायजा लेने के लिए सरकार के मंत्री नहीं पहुंचे. उन्होंने कहा कि राहत और सहायता देने के मामले में राजनीतिक विचारों को अलग रखा जाना चाहिए.

ब्रह्मपुरी को सूची में शामिल करने की मांग

कांग्रेस नेता ने चंद्रपुर जिले के ब्रह्मपुरी तालुका का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने दावा किया कि इलाके में गंभीर सूखे की स्थिति है, इसके बावजूद इसे सूखा प्रभावित क्षेत्रों की सूची में शामिल नहीं किया गया है. उन्होंने सरकार से ब्रह्मपुरी को भी सूची में शामिल करने और प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की.

वडेट्टीवार ने कहा कि किसानों को राहत देने के मामले में सरकार को राजनीतिक आधार पर फैसला नहीं लेना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर सरकार से सवाल करेगी.

265 तालुके सूखा प्रभावित घोषित

महाराष्ट्र सरकार ने बारिश की कमी को देखते हुए राज्य के 358 में से 265 तालुकों को सूखा प्रभावित घोषित किया है. यह राज्य के करीब 74 फीसदी तालुके हैं. सरकार ने प्रभावित किसानों के लिए फसल लोन के पुनर्गठन, भू-राजस्व में रियायत और बिजली बिलों में राहत समेत कई उपायों की घोषणा की है. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!