
क्या आप बाजार से जो चमकदार फल और सब्जियां खरीदते हैं, वे सच में सुरक्षित हैं? महाराष्ट्र सरकार को मिली कुछ शिकायतों ने इस सवाल को फिर से चर्चा में ला दिया है. दरअसल, आरोप है कि कुछ व्यापारी फलों को जल्दी पकाने, मिठास बढ़ाने और सब्जियों और अनाज को ज्यादा चमकदार दिखाने के लिए हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसे में अब महाराष्ट्र सरकार ने ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का फैसला किया है.
महाराष्ट्र के मार्केटिंग मंत्री जयकुमार रावल ने साफ चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यापारी फलों और सब्जियों में खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार अच्छी क्वालिटी के कृषि उत्पाद सुरक्षित तरीके से ग्राहकों तक पहुंचने चाहिए.
सरकार को मिली शिकायतों के अनुसार, कुछ व्यापारी फलों को कृत्रिम तरीके से पकाने के लिए ऐसे रसायनों का उपयोग कर रहे हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. इतना ही नहीं सब्जियों और अनाज को ज्यादा आकर्षक दिखाने के लिए भी कुछ हानिकारक केमिकल इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है. इसी को देखते हुए मार्केटिंग निदेशालय ने राज्य की सभी कृषि उपज मंडी समितियों (APMCs), निजी बाजार समितियों और डायरेक्ट मार्केटिंग लाइसेंस रखने वालों को सर्कुलर जारी किया है. इसमें नियमित जांच करने और नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि जहां मिलावट या खतरनाक केमिकल के इस्तेमाल का शक होगा, उन मामलों को खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA) के पास भेजा जाएगा. इन मामलों में ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट 2006’ के तहत कार्रवाई होगी. दोषी पाए जाने वाले व्यापारियों के लाइसेंस तक रद्द किए जा सकते हैं. इसके अलावा सरकार ने व्यापारियों को यह सलाह भी दी है कि वे फलों और सब्जियों की पैकिंग और भंडारण में पतले प्लास्टिक और थर्माकोल का इस्तेमाल कम करें. उनकी जगह पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने पर जोर दिया गया है. सरकार का कहना है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है. ऐसे में आने वाले दिनों में मंडियों और बाजारों में जांच और सख्त हो सकती है. (PTI)