धान किसानों के खाते में आएंगे 49.96 करोड़ रुपये, केरल सरकार ने जारी की बोनस राशि

धान किसानों के खाते में आएंगे 49.96 करोड़ रुपये, केरल सरकार ने जारी की बोनस राशि

केरल सरकार ने धान किसानों को बड़ी राहत देते हुए राज्य प्रोत्साहन बोनस की चौथी किस्त के लिए 49.96 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं. इसके तहत सप्लाईको के जरिए धान बेचने वाले किसानों को केंद्र के MSP के अलावा राज्य सरकार का बोनस भी मिलेगा.

paddy procurement registration madhya pradeshpaddy procurement registration madhya pradesh
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Nov 19, 2026,
  • Updated Nov 19, 2026, 12:37 PM IST

केरल के धान किसानों के लिए बड़ी खबर है. दरअसल, केरल सरकार ने धान की खेती करने वाले किसानों को राहत देने के लिए राज्य प्रोत्साहन बोनस की चौथी किस्त के रूप में 49.96 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी है. यह राशि उन किसानों को मिलेगी, जो सरकारी एजेंसी सप्लाईको (Supplyco) के माध्यम से अपना धान बेचते हैं. खास बात यह है कि राज्य सरकार की ओर से दिया जाने वाला यह बोनस केंद्र सरकार के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के अतिरिक्त होता है. इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिल रहा है.

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, राज्य के खाद्य मंत्री अनूप जैकब के अनुरोध और मुख्यमंत्री वी. डी. सतीसन के निर्देश के बाद यह राशि तुरंत जारी कर दी गई. सरकार का कहना है कि किसानों को धान की खरीद का भुगतान समय पर करने के लिए यह कदम उठाया गया है.

किसानों को अब मिल रहे 31 रुपये प्रति किलो

खाद्य मंत्री अनूप जैकब ने बताया कि केंद्र सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 24.41 रुपये प्रति किलोग्राम तय किया है. इसके अलावा केरल सरकार किसानों को 6.59 रुपये प्रति किलोग्राम का राज्य प्रोत्साहन बोनस दे रही है. इस तरह किसानों को फिलहाल एक किलोग्राम धान के लिए कुल 31 रुपये मिल रहे हैं. यानी अगर कोई किसान एक क्विंटल धान बेचता है, तो उसे 3,100 रुपये मिलेंगे. इसमें केंद्र सरकार की ओर से तय MSP के तहत 2,441 रुपये और राज्य सरकार के बोनस के रूप में 659 रुपये शामिल हैं. इस अतिरिक्त बोनस का उद्देश्य किसानों को धान की खेती के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद करना है.

पहले भी जारी हो चुकी हैं करोड़ों रुपये की किस्तें

मंत्री ने बताया कि मौजूदा UDF सरकार के सत्ता में आने के बाद धान किसानों के लिए राज्य प्रोत्साहन बोनस की दूसरी किस्त के रूप में 104.79 करोड़ रुपये और तीसरी किस्त के रूप में 150 करोड़ रुपये मंजूर किए जा चुके हैं. अब चौथी किस्त के लिए 49.96 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है. इस तरह राज्य सरकार की ओर से बोनस के लिए अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम मंजूर की जा रही है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित भुगतान मिल सके.

पिछले साल से बढ़ा धान का खरीद मूल्य

मंत्री के मुताबिक, पिछले साल किसानों को धान के लिए कुल 30 रुपये प्रति किलोग्राम का भुगतान किया जा रहा था. इसमें केंद्र सरकार का MSP 23.69 रुपये और केरल सरकार का बोनस 6.31 रुपये प्रति किलोग्राम था. इस साल कुल खरीद मूल्य बढ़कर 31 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है. यानी पिछले साल के मुकाबले किसानों को प्रति किलो एक रुपये अधिक मिल रहा है. सरकार के इस फैसले से सप्लाईको के माध्यम से धान बेचने वाले किसानों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है. (PTI)

MORE NEWS

Read more!