राजस्थान में 22 हजार लीटर 'मिलावटी' और एक्‍सपायर्ड घी जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान में 22 हजार लीटर 'मिलावटी' और एक्‍सपायर्ड घी जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान के श्रीगंगानगर में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो ठिकानों पर छापेमारी कर 22,138 लीटर संदिग्ध मिलावटी और एक्सपायर्ड घी जब्त किया है. इसकी कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये बताई गई है. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

adultrated ghee busted in rajasthanadultrated ghee busted in rajasthan
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 01, 2026,
  • Updated Nov 01, 2026, 7:38 PM IST

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में मिलावटी घी के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने दो कारोबारी ठिकानों पर छापेमारी कर 22,138 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी जब्त किया है. इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये बताई गई है. कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस ने बताया कि सीआईडी क्राइम ब्रांच ने स्थानीय पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ मिलकर राज्यव्यापी अभियान के तहत यह कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान घी के कारोबार से कथित तौर पर हुई बिक्री के 3.50 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम तायल (26), मुकेश कुमार (24) और विकास कुमार (42) के रूप में हुई है.

अनन्या ट्रेडिंग कंपनी से मिला 16,394 लीटर घी

पहली कार्रवाई अनन्या ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम और फैक्ट्री में की गई. यहां अलग-अलग ब्रांड के नाम से पैक किया गया 16,394 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी बरामद हुआ. इनमें त्रिसालवा, बांसुरी, श्रीनंद और मायरा जैसे ब्रांड शामिल हैं. मौके से एक्सपायरी हो चुका घी, बिना लेबल वाले कंटेनर, पैकेजिंग सामग्री, स्टिकर, पैकिंग मशीन और अन्य उपकरण भी मिले हैं.

एक्सपायरी घी पर नए लेबल लगाकर बेचने का आरोप

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि एक्सपायरी हो चुके और बाजार से वापस आए घी को दोबारा पैक किया जाता था. इसके बाद उस पर नए लेबल लगाकर बाजार में बेचा जाता था. पुलिस को यह भी संदेह है कि आरोपी गुजरात से पाम ऑयल और वनस्पति मंगवाकर उससे मिलावटी घी तैयार करते थे. इस घी की आपूर्ति श्रीगंगानगर और आसपास के इलाकों में की जाती थी.

दूसरी फर्म से 5,744 लीटर घी जब्त

संयुक्त टीम ने दूसरी कार्रवाई सूरतगढ़ बाईपास स्थित न्यू विजय ट्रेडिंग कंपनी में की. यहां से 5,744 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी जब्त किया गया. दोनों ठिकानों से मिले घी के नमूने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं. अनन्या ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम को सील कर दिया गया है.

लैब रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, जब्त घी के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!