फसल बीमा घोटाले का मुख्य मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे, पती-पत्नी दोनों गिरफ्तार, 5 दिन की पुलिस रिमांड

फसल बीमा घोटाले का मुख्य मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे, पती-पत्नी दोनों गिरफ्तार, 5 दिन की पुलिस रिमांड

राजस्थान के नागौर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के फर्जी क्लेम मामले में एडवोकेट बीरबल राम कमेडिया और उनकी पत्नी बसंती गिरफ्तार हुए हैं. पुलिस के अनुसार, अब तक 39 एफआईआर दर्ज और 15 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. आरोप है कि किसानों की जमीन और निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेज बनाए गए और बीमा क्लेम की रकम हासिल की गई.

फसल बीमा घोटाले में पति-पत्नी पर कार्रवाईफसल बीमा घोटाले में पति-पत्नी पर कार्रवाई
केशाराम गढ़वार
  • Nagaur,
  • Oct 15, 2026,
  • Updated Oct 15, 2026, 2:02 PM IST

राजस्थान के नागौर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत फर्जी क्लेम लेने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे एडवोकेट बीरबल राम कमेडिया और उनकी पत्नी बसंती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 39 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और अलग-अलग मामलों में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि किसानों की जमीन और निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल करके फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और बीमा क्लेम की रकम दूसरे लोगों के बैंक खातों में जमा कराई गई.

जिला परिषद चुनाव में नामांकन के दौरान हुई कार्रवाई

मंगलवार को बीरबल राम कमेडिया अपनी पत्नी बसंती का जिला परिषद के वार्ड नंबर 30 से नामांकन दाखिल कराने के लिए नागौर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे. इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बसंती को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, बीरबल राम कमेडिया को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. पुलिस दोनों की भूमिका की जांच कर रही है. इसके बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया. कोर्ट ने बीरबल राम कमेडिया को पांच दिन और बसंती को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया. बीरबल का रिमांड 19 अक्टूबर तक और बसंती का 16 अक्टूबर तक निर्धारित किया गया है. पुलिस इस दौरान मामले से जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन की जांच करेगी.

टिकट कटने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी

बीरबल राम कमेडिया जिला परिषद के वार्ड नंबर 30 से चुनाव लड़ना चाहते थे. जानकारी के अनुसार, आखिरी समय में उनका टिकट काट दिया गया, जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करवाया. इसी बीच फसल बीमा घोटाले की जांच के दौरान पुलिस ने उनके और उनकी पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की. गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बीरबल राम कमेडिया को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया. अदालत में पेशी के बाद उन्होंने आज तक से बातचीत में पार्टी के साथ बने रहने और अपना आवेदन वापस लेने की इच्छा भी जताई.

क्या है प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का पूरा मामला?

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं या फसल को नुकसान पहुंचने की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा देना है. इस योजना के तहत पात्र किसानों को नियमों के अनुसार बीमा क्लेम मिलता है. लेकिन नागौर में सामने आए मामले में आरोप है कि इसी व्यवस्था का गलत इस्तेमाल करके फर्जी क्लेम लिए गए. पुलिस की जांच के अनुसार, कुछ लोगों ने किसानों की जमीन के खसरा नंबर और उनकी निजी जानकारी का इस्तेमाल किया. खसरा नंबर जमीन की पहचान से जुड़ा रिकॉर्ड होता है. आरोप है कि असली जमीन मालिकों की जानकारी लेकर उनके नाम से फसल बीमा पॉलिसी तैयार कराई गई और फर्जी बंटाईदार दस्तावेज बनाए गए.

इसके बाद बीमा क्लेम के लिए आवेदन किए गए. आरोप है कि क्लेम की रकम असली किसानों के बजाय आरोपियों और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में पहुंचाई गई. इस तरह किसानों की जानकारी का इस्तेमाल करके सरकारी योजना के तहत मिलने वाली बीमा राशि हासिल करने का आरोप है.

फर्जी दस्तावेज और सील-स्टांप मिलने की बात

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान फर्जी सील, स्टांप और दूसरे दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं. मामले में बीमा कंपनियों के कोऑर्डिनेटर, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) चलाने वाले ऑपरेटर और अन्य बिचौलियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. एक मामले में करीब 2.28 लाख रुपये का फर्जी बीमा क्लेम लेने का आरोप है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फर्जी दस्तावेज कैसे तैयार किए गए, बीमा पॉलिसी किस तरह बनवाई गई और क्लेम की रकम किन-किन बैंक खातों में पहुंची.

जांच का दायरा साल 2021 से जुड़े मामलों से लेकर हाल के मामलों तक फैला हुआ है. बीरबल कमेडिया, उनकी पत्नी बसंती, उनके भाई किशनाराम और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ सदर थाने में कई मामले दर्ज हैं. हालांकि, सभी आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.

अब तक 39 एफआईआर दर्ज, 15 आरोपी गिरफ्तार

इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) के प्रभारी सुरेश कुमार कस्वा के अनुसार, पिछले दो महीनों में फर्जी फसल बीमा क्लेम से जुड़े कुल 39 मामले दर्ज किए गए हैं. इनमें से अलग-अलग मामलों में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. उन्होंने बताया कि सदर थाने में दर्ज एक मामले में बसंती को गिरफ्तार किया गया है. जांच के दौरान उनके पति बीरबल राम कमेडिया की शुरुआती तौर पर संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. इसके बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को पूछताछ के लिए रिमांड मिला.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला मुख्य रूप से रिकॉर्ड और दस्तावेजों पर आधारित है. इसलिए जमीन के रिकॉर्ड, बीमा पॉलिसी, बैंक खातों और दूसरे जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है.

बीरबल के भाई किशनाराम की भी तलाश

इस मामले में बीरबल राम कमेडिया के भाई किशनाराम का नाम भी सामने आया है, जो ग्राम विकास अधिकारी बताए गए हैं. जानकारी के अनुसार, घोटाला सामने आने के बाद से वह फरार हैं. पुलिस मामले में उनकी भूमिका और दूसरे आरोपियों से उनके संबंधों की जांच कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फर्जी क्लेम की प्रक्रिया में कौन-कौन शामिल था और कथित तौर पर हासिल की गई रकम का इस्तेमाल कहां किया गया. पुलिस का कहना है कि सभी जरूरी सबूत और रिकॉर्ड जुटाने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

किसानों के लिए क्यों अहम है यह मामला?

फसल बीमा योजना किसानों को फसल खराब होने पर आर्थिक मदद देने के लिए बनाई गई है. अगर किसी किसान की जमीन और निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल करके कोई दूसरा व्यक्ति बीमा क्लेम लेता है, तो इससे किसान के अधिकारों और सरकारी योजना की व्यवस्था पर असर पड़ सकता है. नागौर में सामने आया यह मामला इसलिए भी अहम है, क्योंकि इसमें किसानों के जमीन संबंधी रिकॉर्ड, बीमा पॉलिसी और बैंक खातों के कथित गलत इस्तेमाल की जांच हो रही है. अब पुलिस की जांच से पता चलेगा कि इस पूरे मामले में कितने लोग शामिल थे, कितनी रकम के फर्जी क्लेम लिए गए और असली किसानों को कितना नुकसान हुआ. फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: 

बिहार की महिलाओं ने 10 लाख से शुरू किया कारोबार, अब करोड़ों का टर्नओवर
UP के किसानों की होगी बल्ले-बल्ले! लकी ड्रॉ में मिलेगा ट्रैक्टर और चारा मशीन जीतने का मौका

MORE NEWS

Read more!