
आजकल बाजार में ऑर्गेनिक यानी जैविक खाने वाली चीजों की मांग तेजी से बढ़ रही है. लोग स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दाल, अनाज, मसाले और दूसरी खाने-पीने की चीजें ऑर्गेनिक नाम से खरीदते हैं. लेकिन हर ऐसा प्रोडक्ट वास्तव में जैविक हो, यह जरूरी नहीं है, इसलिए ऑर्गेनिक सामान खरीदते समय पैकेट पर मौजूद सरकारी टैग और खास लोगो को देखना जरूरी है. भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, असली ऑर्गेनिक प्रोडक्ट की पहचान करने के लिए पैकेट पर ये 3 खास निशान जरूर देखने चाहिए.
ऑर्गेनिक प्रोडक्ट खरीदते समय पैकेट पर ‘Jaivik Bharat’ का लोगो जरूर देखें. सिर्फ ‘Organic’ या ‘जैविक’ लिखा होने से किसी प्रोडक्ट को असली ऑर्गेनिक न मानें. ‘Jaivik Bharat’ लोगो के साथ नीचे दिए गए प्रमाणन में से कम से कम एक लोगो भी पैकेट पर होना चाहिए.
1. NPOP- National Programme for Organic Production: यह भारत में ऑर्गेनिक खेती और उत्पादों के लिए बनाई गई प्रमाणन व्यवस्था है. इसके तहत जैविक उत्पादों को तय नियमों के अनुसार प्रमाणित किया जाता है.
2. PGS-India Organic: यह भी जैविक खेती और उत्पादों को प्रमाणित करने की व्यवस्था है. इसमें किसान और दूसरे संबंधित लोग मिलकर यह जांचते हैं कि खेती जैविक नियमों के अनुसार हो रही है.
कई बार पैकेट पर बड़े अक्षरों में Organic लिखा होता है, लेकिन ग्राहंक ये जांच नहीं करते हैं कि वह उत्पाद प्रमाणित है या नहीं. ऐसे में केवल ‘Organic’ शब्द देखकर खरीदारी करना सही तरीका नहीं है. ऐसे में ऑर्गेनिक सामान खरीदते समय पैकेट को ध्यान से देखें और Jaivik Bharat के साथ NPOP या PGS-India Organic का लोगो जरूर तलाशें. यानी अगली बार जब आप ऑर्गेनिक दाल, अनाज या कोई दूसरा खाद्य उत्पाद खरीदें, तो लेबल को ध्यान से पढ़ें और इन प्रमाणन निशानों की जांच जरूर करें. अगर पैकेट पर ये ना हो तो ऐसे सामान खरीदने से बचें.
जैविक खेती में रासायनिक खाद और कीटनाशकों के इस्तेमाल को लेकर निर्धारित मानकों का पालन किया जाता है, इसलिए प्रमाणित ऑर्गेनिक उत्पाद खरीदने से ग्राहकों को उत्पाद की जैविक पहचान के बारे में ज्यादा भरोसा मिलता है. वहीं, किसानों और जैविक उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के लिए भी सही प्रमाणन व्यवस्था महत्वपूर्ण है. इससे बाजार में वास्तविक जैविक उत्पादों की पहचान बनी रहती है और ग्राहकों को सही जानकारी मिलती है.