
नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 का आगाज हो गया है. दीप प्रज्ज्वलन के साथ सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत हुई. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और इंडिया टुडे ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन एवं एग्जीक्यूटिव एडिटर कली पुरी मौजूद रहीं. खास बात यह रही कि दीप प्रज्ज्वलन में महिला किसानों ने भी भागीदारी की. इस तरह सम्मेलन की शुरुआत में ही खेती-किसानी से जुड़े सभी अहम पक्षों की भागीदारी देखने को मिली.
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 के कार्यक्रम का समापन मशहूर कबीर भजन गायक और पद्मश्री सम्मान से नवाजे जा चुके प्रहलाद सिंह टिपानिया की संगीतमय प्रस्तुति के साथ हुआ. मध्य प्रदेश के लोक गायक टिपानिया ने अपनी मंडली के साथ मालवी शैली में कबीर भजन ‘होशियार रहना रे, नगर में चोर आवेगा’ प्रस्तुत किया. उनकी प्रस्तुति में तंबूरा, खड़ताल, मंजीरा, ढोलक, हारमोनियम, टिमकी और वायलिन जैसे वाद्ययंत्रों की संगत ने भजन को खास बना दिया.
कबीर की वाणी और मालवी लोक संगीत के अनूठे संगम ने किसान तक के कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया. टिपानिया की मंडली की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया और इसी संगीतमय अंदाज में दिनभर चले कार्यक्रम का समापन हुआ.
‘मेरी फसल, मेरा ब्योरा’ पोर्टल से खाद की कालाबाजारी पर लगाम
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य सरकार के ‘मेरी फसल, मेरा ब्योरा’ पोर्टल की खूबियां बताईं. उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के जरिए किसानों को फसल बेचने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक कई सुविधाएं मिल रही हैं. किसान पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराकर अपनी उपज आसानी से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बेच सकते हैं. इसके माध्यम से किसानों को भावांतर भरपाई योजना का लाभ भी दिया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि खाद वितरण को भी इस पोर्टल से जोड़ दिया गया है. अब किसानों के खेत के दर्ज रकबे के मुताबिक खाद का आवंटन किया जा रहा है. उनके मुताबिक, इस व्यवस्था से खाद की कालाबाजारी रोकने में मदद मिली है और खाद वितरण में पारदर्शिता आई है. सैनी ने दावा किया कि पोर्टल के जरिए खाद वितरण करने से केंद्र सरकार के करीब 950 करोड़ रुपये की बचत हुई है.
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साकार करने के लिए हरियाणा सरकार कृषि क्षेत्र में कई पहल कर रही है. पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से राज्य के लाखों किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे उन्हें खेती का खर्च उठाने में मदद मिल रही है.
हरियाणा में गिरते भूजल स्तर और पानी के बढ़ते संकट पर चिंता जताते हुए सीएम सैनी ने कहा कि जल संरक्षण के लिए अमृत सरोवर योजना के तहत राज्यभर में तालाब, कुएं और बावड़ियों का निर्माण कराया जा रहा है. अल नीनो की स्थिति को देखते हुए भविष्य में पानी की कमी की आशंका के बीच सरकार प्राकृतिक जल स्रोतों को विकसित करने पर काम कर रही है. उन्होंने बताया कि कई बांध भी बनाए जा रहे हैं, जिनसे हरियाणा के साथ-साथ आसपास के राज्यों को भी लाभ मिल सकेगा.
फसल विविधीकरण को लेकर सैनी ने कहा कि सरकार ने किसानों को भरोसा दिया है कि वे कोई भी फसल उगाएं, उसकी खरीद सरकार करेगी. उनके मुताबिक, जब किसानों को अपनी उपज एमएसपी पर बेचने का भरोसा मिलेगा, तो वे परंपरागत फसलों के अलावा दूसरी फसलें उगाने के लिए भी प्रोत्साहित होंगे. इस दिशा में हरियाणा सरकार फसल विविधीकरण अपनाने वाले किसानों को 8,000 रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि दे रही है.
मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार की पहल का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पादों के लिए किसानों को अधिक कीमत देने की व्यवस्था की जा रही है. ऐसे उत्पादों की खरीद के लिए हर मंडी में हेफेड की एजेंसी को जिम्मेदारी दी गई है, जो प्राकृतिक उपज की खरीद करेगी.
इस तरह सेशन में हरियाणा सरकार की ओर से एमएसपी पर खरीद, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने से जुड़ी पहलों की जानकारी साझा की गई.
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 के सेशन ‘डिजिटल खेती: भारत दिखाएगा रास्ता’ में एग्रीस्टैक, फार्मर रजिस्ट्री और खेती में तकनीक की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई. आईएएस और पूर्व कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि एग्रीस्टैक योजना के तहत अब हर खेत को एक विशिष्ट पहचान यानी आधार नंबर दिया जा रहा है. इससे खेत और उसमें उगाई जाने वाली फसलों की पूरी डिजिटल जानकारी जुटाई जा रही है. देश में अब तक करीब 11 करोड़ फार्मर आईडी बनाई जा चुकी हैं. डिजिटल व्यवस्था के कारण बुआई पूरी होते ही फसल से जुड़ी जानकारी कम समय में उपलब्ध हो पा रही है.
मध्य प्रदेश सरकार के सचिव निशांत बरबड़े ने बताया कि देश में बनी 11 करोड़ फार्मर आईडी में से एक करोड़ से ज्यादा आईडी अकेले मध्य प्रदेश में तैयार की गई हैं. उन्होंने कहा कि खाता-खतौनी को डिजिटल बनाने में मध्य प्रदेश की अहम भूमिका रही है और राज्य सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है.
वहीं, आरएसएमआई क्रॉपेलिटिक्स की सीएमडी रोली जिंदल ने कहा कि तकनीक की मदद से अब खेती से जुड़ी जानकारी कम समय में जुटाना आसान हो गया है. मिट्टी की स्थिति से लेकर फसल के पैटर्न तक को समझने में डिजिटल तकनीक मदद कर रही है. सैटेलाइट के जरिए फसलों की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है, जो पहले काफी मुश्किल काम था.
सेशन में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर परगट सिंह ने डिजिटल एक्सटेंशन में सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आज हर क्षेत्र में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर मौजूद हैं, लेकिन खेती के क्षेत्र में इनकी संख्या अभी कम है. कृषि योजनाओं और बजट को जमीन पर लागू करना बड़ी चुनौती है और किसानों तक सही जानकारी पहुंचाने में सोशल मीडिया अहम भूमिका निभा सकता है.
निशांत बरबड़े ने भी इस बात से सहमति जताते हुए कहा कि किसानों तक कृषि से जुड़ी योजनाओं और जानकारियों को पहुंचाने में सोशल मीडिया प्रभावी माध्यम बन सकता है. मध्य प्रदेश सरकार का कृषि विभाग भी सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर किसानों तक अपनी बात पहुंचा रहा है. सेशन में यह संदेश उभरकर आया कि फार्मर रजिस्ट्री, सैटेलाइट तकनीक और सोशल मीडिया के मेल से खेती को अधिक पारदर्शी, सूचनापरक और तकनीक आधारित बनाया जा सकता है.
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 के 'कृषि क्रांति के नए औजार' सेशन में आधुनिक कृषि तकनीक और किसानों के लिए नए अवसरों पर चर्चा हुई. महिंद्रा ग्रुप के फार्म डिवीजन और ग्रोमैक्स के CEO हर्ष के राय ने बताया कि हॉर्टिकल्चर की बढ़ती खेती को देखते हुए खास ट्रैक्टर और नई तकनीक विकसित की जा रही है. वहीं नीति आयोग के एग्रीकल्चर मेंबर केवी राजू ने किसानों के लिए कार्बन क्रेडिट को फायदेमंद बताया. आयोटेक वर्ल्ड के को-फाउंडर अनूप कुमार उपाध्याय ने कहा कि ड्रोन से खेती में छिड़काव का खर्च और समय बचता है, साथ ही उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलती है. उन्होंने बताया कि ड्रोन तकनीक और प्रधानमंत्री ड्रोन दीदी योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी बन रहे हैं.
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 के 'पहचान का पान' सेशन में झांसी की पान किसान मयंकिता चौरसिया ने देशावरी पान को बचाने की अपनी संघर्ष यात्रा साझा की. उन्होंने बताया कि कभी 500 एकड़ में होने वाली इस पान की खेती सिमटकर 15 एकड़ रह गई थी. पिता और भाइयों के साथ मिलकर उन्होंने इसकी खेती को फिर बढ़ाने का प्रयास किया, जिसके नतीजे में देशावरी पान को GI टैग मिला. पान की कम शेल्फ लाइफ को देखते हुए उन्होंने 'बीटल लाइफ' स्टार्टअप शुरू किया और गुलकंद समेत कई वैल्यू एडेड प्रोडक्ट तैयार करने शुरू किए.
खेत में फसल के साथ बिजली भी उगा रहे किसान
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 के 'अन्न और ऊर्जा का डबल धमाका' सेशन में राजस्थान के जयपुर जिले के कुंदनपुर गांव के किसान कजोड़मल ने अपनी अनूठी खेती का अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि खेत में 11 फुट की ऊंचाई पर सोलर पैनल लगाकर वे फसल के साथ बिजली भी पैदा कर रहे हैं. इस तकनीक से उन्हें मक्के की अच्छी पैदावार मिल रही है और अधिक तापमान में भी खेती को फायदा हो रहा है.
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 के 'मूल्य मंत्र' सेशन में देश के खाद्य भंडार और कृषि नीतियों को लेकर अहम चर्चा हुई. इस सेशन में नीति आयोग के वाइस चेयरमैन डॉ. अशोक लाहिरी, ICRIER के इंफोसिस चेयर प्रोफेसर डॉ. अशोक गुलाटी, इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ, दिल्ली की पूर्व डायरेक्टर डॉ. बीना अग्रवाल और NABARD के चेयरमैन डॉ. शाजी कृष्णन शामिल हुए.
डॉ. अशोक लाहिरी ने कहा कि भारत के पास आज खाद्यान्न का बहुत बड़ा भंडार है, जो निर्धारित बफर स्टॉक से कई गुना अधिक है. देश में खाद्यान्न की उपलब्धता इतनी बढ़ गई है कि टूटे चावल का इस्तेमाल इथेनॉल बनाने के लिए किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन और उपलब्धता के मामले में भारत तेजी से आगे बढ़ा है.
वहीं, डॉ. अशोक गुलाटी ने चावल से इथेनॉल बनाने की नीति पर सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि आखिर इथेनॉल उत्पादन के लिए चावल का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है और ऐसी क्या मजबूरी है कि खाद्यान्न को ईंधन बनाने में लगाया जा रहा है. उनके इस सवाल ने खाद्य सुरक्षा, खाद्यान्न के इस्तेमाल और इथेनॉल उत्पादन की मौजूदा नीति को लेकर नई बहस छेड़ दी.
कार्यक्रम में बीना अग्रवाल ने कहा कि किसानों की कमाई और उपज बढ़ाने के लिए खेती जोड़कर करनी होगी. यानी अधिक से अधिक रकबे में खेती पर जोर देना होगा. किसानों की कमाई बढ़ाने के लिए शाजी कृष्णन ने सलाह दी किसानों की कमाई बढ़ाने के लिए वैल्यू एडिशन पर जोर देना होगा, प्रोसेसिंग पर जोर देना होगा. वैल्यू एडिशन की मदद से किसानों की कमाई कई गुना बढ़ाई जा सकती है.
किसान तक की ओर से नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअली संबोधित किया. उन्होंने कहा कि हरित क्रांति के दौर में देश की कृषि विकास दर करीब 3 फीसदी थी, जो आज बढ़कर 4 फीसदी से अधिक हो गई है. कृषि क्षेत्र की इस प्रगति में देश के किसानों का बहुत बड़ा योगदान है. भारत आज कई अनाजों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है. फल और सब्जियों के उत्पादन में भी देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी की सेहत का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है. मिट्टी स्वस्थ रहेगी, तभी खेती टिकाऊ बनेगी और आने वाले समय में उत्पादन को और बढ़ाया जा सकेगा. उन्होंने कहा कि खेती को केवल अधिक उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय मिट्टी की गुणवत्ता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी ध्यान देना होगा.
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि कृषि और किसानों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. इसी दिशा में देश के 11 करोड़ से अधिक किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है. इस डिजिटल पहचान के जरिए किसानों तक सरकारी योजनाओं और दूसरी सुविधाओं को पहुंचाना आसान हो रहा है. उन्होंने बताया कि खेती-किसानी से जुड़ी सेवाओं को डिजिटल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है.
उन्होंने 'खेती बचाओ अभियान' का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत कृषि क्षेत्र में नई तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान को लैब से लैंड तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि किसानों को आधुनिक तकनीक का सीधा लाभ मिल सके. शिवराज सिंह चौहान ने कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों के साथ भविष्य की चुनौतियों पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई और कहा कि किसानों की मेहनत, तकनीक और मिट्टी की सेहत के बेहतर तालमेल से भारतीय कृषि को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है.
किसानों की उपज को ग्लोबल मार्केट तक पहुंचाने की तैयारी
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित में उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि देश में अब तक 11 करोड़ किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है. इसके जरिए किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने में मदद मिल रही है. डिजिटल पहचान से किसानों तक सुविधाएं पहुंचाने की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाया जा रहा है.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने और उनकी उपज को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए कई देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) किए गए हैं और कुछ देशों के साथ इस दिशा में बातचीत जारी है. इन समझौतों का उद्देश्य भारतीय कृषि उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर तैयार करना है, ताकि किसानों को अपनी उपज का बेहतर बाजार और उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके.
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि डिजिटल सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नए अवसरों के जरिए भारतीय किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए.
खाद सब्सिडी बढ़ाने का फैसला
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 को वर्चुअली संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित में केंद्र सरकार के फैसलों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में खाद सब्सिडी बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया गया है. इस फैसले से रबी सीजन में किसानों को काफी फायदा होगा और उन्हें खाद पर राहत मिलेगी.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार लगातार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर फैसले ले रही है. जब बाजार में फसलों के दाम गिरते हैं और किसानों की कमाई पर असर पड़ता है, तब सरकार विभिन्न योजनाओं के जरिए हस्तक्षेप करती है. इन योजनाओं का मकसद किसानों की आमदनी को सुरक्षित रखना और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी मेहनत और फसल का सही दाम मिले. इसके लिए सरकार खाद सब्सिडी से लेकर फसल के बाजार भाव में गिरावट आने पर किसानों को राहत देने तक कई स्तरों पर काम कर रही है.
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 के 'मनी मैटर्स' सेशन में NABARD, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और StarAgri के प्रतिनिधियों ने किसानों की आर्थिक मदद और खेती के डिजिटलीकरण पर अपनी बात रखी. NABARD के DGM प्रकाश कुमार मिश्रा ने कहा कि संस्था खेती से लेकर लॉजिस्टिक्स तक किसानों की मदद कर रही है. वहीं SBI के एग्रीबिजनेस DGM विक्रम झा ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के जरिए किसानों को समय पर लोन उपलब्ध कराने की बात कही. दूसरी ओर, StarAgri के को-फाउंडर और CEO अमित अग्रवाल ने बताया कि AgriStack के तहत फार्म ID, फार्मर ID और क्रॉप ID को जोड़कर खेती को डिजिटल बनाने की दिशा में काम हो रहा है. इससे खेत, फसल, रकबे और खेती से जुड़ी चुनौतियों की पहचान आसान हो सकेगी.
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में ICAR के महानिदेशक एमएल जाट ने खेती को सेहत और मिट्टी की गुणवत्ता से जोड़ने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि किसानों को सिर्फ फसल उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मिट्टी की सेहत और पोषण पर भी ध्यान देना होगा. इसके लिए ICAR की ओर से 30 नवंबर तक 'खेती बचाओ अभियान' चलाया जा रहा है. इसका मकसद लैब की तकनीक और जानकारी को सीधे खेतों तक पहुंचाना है. जाट ने यह भी कहा कि देश में हरित क्रांति के दौर की तुलना में कृषि उत्पादन दोगुनी तेजी से बढ़ा है.
कृषि वीर सेशन में अपना भाग्य खुद बनाया है नाम के कार्यक्रम में केला किसान धीरेंद्र देसाई शामिल हुए जो गुजरात के भरूच से हैं. देसाई ने पूरे देश में केले की खेती में बड़ा नाम कमाया है. उन्होंने नई तकनीक के माध्यम से केले की उपज को 15 टन से बढ़ाकर 35 टन प्रति एकड़ पहुंचाया है. देसाई ने बताया कि शुरू में उन्हें केले की खेती में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में वैज्ञानिक तरीके से केले की खेती की और आज वे बंपर कमाई के साथ अच्छी कमाई भी हासिल कर रहे हैं. देसाई ने बताया कि किसान अगर फलों की खेती करें तो उन्हें बहुत फायदा होगा. किसानों को वैज्ञानिक खेती पर अधिक से अधिक ध्यान देना होगा तभी खेती का भविष्य सुंदर होगा.
भारत मांगे मोर कार्यक्रम में कई देशों के राजदूत शामिल हुए. अर्जेंटीना के राजदूत मरियानो ऑगस्टिन कौसिनो ने कहा कि भारत और अर्जेंटीना के बीच कृषि के क्षेत्र में प्रगाढ़ संबंध है. दोनों देशों के बीच एक रणनीतिक साझेदारी है और यह संबंध दिनों दिन मजबूत हो रहा है. ऑगस्टिन कौसिनो ने कहा कि भारत और अर्जेंटीना के बीच कृषि संबंध कितना मजबूत है, इस बात से समझ सकते हैं कि दोनों देशों में कभी 2.5 अरब डॉलर का व्यापार होता था, आज वह व्यापार 7.5 अरब डॉलर के पार चला गया है.
कार्यक्रम में ब्राजील के राजदूत रोबर्टो कार्लोस पापा (देश के कृषि प्रतिनिधि) ने कहा कि गन्ने से अधिक से अधिक इथेनॉल बनाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि भारत इस दिशा में अच्छा काम कर रहा है. इससे किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है. इसके लिए ब्राजील, भारत एक दिशा में काम कर रहे हैं. कार्लोस पापा ने बताया कि ब्राजील अपनी खेती को बढ़ाने के लिए ड्रोन और नई-नई तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है. खेती के क्षेत्र में भारत, ब्राजील का 'नेचुरल पार्टनर' हैं.
इसी कार्यक्रम में भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार शामिल हुए और कहा कि इजरायल और भारत के बीच कृषि के क्षेत्र में 30-35 साल का संबंध है. इजरायल, भारत के लिए ड्रीप इरिगेशन की नई तकनीक लेकर आ रहा है जिसमें बिजली की जरूरत नहीं होगी. यह तकनीक इजरायल ने विकसित की है जिसे भारत को दिया जा रहा है. इससे पानी की बचत होगी और फसलों को उतना ही पानी मिलेगा जितनी जरूरत होगी. इससे पानी की बर्बादी रुकेगी.
इजरायल एक ऐसी तकनीक पर काम कर रहा है जिससे फसलों को बचाया जा सकता है. इसमें गैस का इस्तेमाल होगा. इस गैस और तकनीक से फसल और मिट्टी को कोई नुकसान नहीं होगा. यह तकनीक खाद्य सुरक्षा में बहुत मदद करेगी. अजार ने कहा खेती में सोलर ऊर्जा का प्रयोग अधिक बढ़ाया जा रहा है. इस तकनीक की मदद से अब खेत फसल उगाने के साथ ऊर्जा पैदा करने का साधन बनेंगे. इजरायल इस तकनीक पर तेजी से काम कर रहा है.
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए और बताया कि किसानों के लिए किस स्तर पर काम हो रहा है. उन्होंने बताया कि पशुपालन से लेकर कपास उत्पादन तक, सिंचाई से लेकर उपज खरीद तक, मध्य प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में किसानों को मदद कर रही है. उन्होंने बताया कि कपास के किसान मध्य प्रदेश में हैं लेकिन कपास दूसरे राज्य में जा रहा है. हमने इस बारे में सोचा कि जब उत्पादन मध्य प्रदेश में हो रहा है तो कपास दूसरे राज्य में क्यों जा रहा है. अब प्रदेश में ही कपास का कारखाना लग रहा है, सूत और कपड़े के कारखाने लग रहे हैं. इससे मिलों के साथ साथ किसानों को भी फायदा हो रहा है. हमने इसके लिए किसान कल्याण वर्ष मनाया है जो कि किसानों के लिए पूरी तरह से समर्पित है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश ऐसा राज्य है जहां प्राकृतिक खेती पर सबसे अधिक ध्यान दिया जा रहा है. इस क्षेत्र में मध्य प्रदेश ने बहुत बड़ा काम किया है. मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में सिंचाई पर बहुत काम हो रहा है. इसके लिए किसानों को मुफ्त बिजली देने से लेकर सोलर पंप लगाने तक पर काम हो रहा है. इसके साथ ही नदियों को जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है. केन बेतवा नदी जोड़ो अभियान इसी का हिस्सा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए खेती का आधार हमेशा जुड़ा होना चाहिए. आज मैं मुख्यमंत्री जरूर हूं, लेकिन समय मिलते ही खेतों में जरूर जाता हूं. हमारे पिताजी ने यह बात सिखाई है. मेरा बेटा डॉक्टर जरूर है लेकिन उसे भी खेत में जाने के लिए प्रेरित करता हूं. बाकी लोगों को भी कहना चाहूंगा कि जीवन भर किसानी से संबंध होना चाहिए. मैं जब तक गाय को गुड़ रोटी नहीं खिलाता तब तक घर से बाहर नहीं निकलता.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने किसानों को दिन में बिजली दिलाई, खेत में 10 घंटे बिजली दी ताकि पूरी क्षमता से काम हो. मंडियों में हर तरह से प्रोत्साहन दिया. इस साल सोयाबीन के अच्छे भाव मिले, लेकिन पिछले साल रेट अच्छे नहीं थे, इसलिए किसानों को भावांतर योजना का लाभ दिया. सरकार ने किसानों को बोनस देने का काम किया.
कृषि वीर सेशन में मेघालय की सफल किसान ट्रिनिटी साईयू जिन्हें टरमरिक ट्रिनिटी के नाम से भी जाना जाता है, शामिल हुईं और बताया कि उन्होंने मेघालय में लाकडोम हल्दी को कैसे देश और दुनिया में पहुंचाया. मेघालय में उगने वाली इस हल्दी की दुनिया के कई देशों में मांग है क्योंकि इसका औषधीय गुण बहुत महत्वपूर्ण है. ट्रिनिटी साईयू ने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसानों को खेत में लगन और निष्ठा से काम करना होगा तभी खेती बचेगी. उन्होंने कहा कि जब किसान ही खेत में नहीं उतरेगा तो खेती कैसे बचेगी और हमारा फूड सिस्टम कैसे चलेगा.
कृषि वीर सेशन में पद्मश्री राहीबाई सोमा पोपेरे ने हिस्सा लिया और बताया कि देसी बीजों को बचाने के लिए उन्होंने कैसे काम किया है. राहीबाई को लोग बीज माता के नाम से जानते हैं क्योंकि उन्होंने समाज को यह बताया है कि अपने देसी बीजों को बचाकर कैसे हम पूरी खेती को बचा सकते हैं. उन्होंने बीजों को संरक्षित करने के लिए राख जैसी चीज का भी इस्तेमाल किया.
राहीबाई खुद का बीज बैंक चलाती हैं जिसमें कई तरह के पारंपरिक बीज संरक्षित किए गए हैं. राहीबाई ने कार्यक्रम में बताया कि जब उन्होंने बीजों को संरक्षित करना शुरू किया तो कई लोगों ने डराया, हतोत्साहित किया, लेकिन वे अपने लक्ष्य से नहीं हटीं और बीचों के संरक्षण में लगी रहीं. इसी का नतीजा है कि उनके बीज बैंक में आज कई दुर्लभ और पारंपरिक बीज हैं जिससे किसानों को फायदा मिल रहा है.
राही बाई ने बताया कि उन्होंने बीजों के संरक्षण का काम अपने घर से शुरू किया. इसके लिए उन्होंने मिट्टी के बर्तन इस्तेमाल किए. उन्होंने बताया कि इस काम के लिए लोगों ने उन्हें हतोत्साहित किया, डराया, धमकाया, लेकिन वे रुकी नहीं और आज सबके सामने बीज बैंक है. इस बीज बैंक से लाखों किसानों को फायदा मिल रहा है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिंद्रा एंड महिंदा के प्रेसिडेंट, फार्म इक्विपमेंट बिजनेस एंड मेंबर, ग्रुप एक्जिक्यूटिव बोर्ड, विजय नाकरा ने कहा कि आज किसानों के सामने कई चुनौतियां हैं. इसमें सबसे बड़ी चुनौती जलवायु परिवर्तन और तेजी से बदलते मौसम को लेकर है. ऐसे समय में सबसे जरूरी है कि हम खाद्य पदार्थों की बर्बादी को रोकें और कृषि उत्पादन को बढ़ाएं. इसके लिए टिकाऊ खेती पर अधिक से अधिक ध्यान देना होगा. आज के समय में कई तरह की फार्म मशीनरी आ गई हैं जिससे खेती को लाभदायक और किसानों को अधिक सुविधा मुहैया कराई जा रही है. आज कई तरह के ट्रैक्टर के नए मॉडल और नई-नई तकनीक आ रही है जिससे खेती को आसान और सुविधाजनक बनाया जा रहा है. ऑटोनोमस ट्रैक्टर इसी का उदाहरण है जिससे किसानों को ऑटोमेशन और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी.
विजय नाकरा ने कहा, किसान अगर हमारे हर प्रयास के केंद्र में रहेगा तो हमारी सफलता का असली मापदंड तकनीक नहीं होगी बल्कि हम किसानों को कैसे अधिक से अधिक इज्जत दे सकें, इस पर प्राथमिकता से फोकस होगा. किसान तक को धन्यवाद जिसने किसानों के लिए इतना अच्छा प्रोग्राम आयोजित किया.
एक सवाल के जवाब में केंद्रीय प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि भारत के खाद्य पदार्थों की मांग केवल देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में है. हमारे खाद्य पदार्थों की क्वालिटी इतनी अच्छी है कि हम उसे प्रोसेस करके पूरी दुनिया को खिला सकते हैं. पासवान ने सलाह देते हुए कहा, कोल्ड स्टोरेट को खेतों तक पहुंचना होगा तभी चीजें आसानी से उपलब्ध हो पाएंगी. हमारी सरकार हर उस सिस्टम और नीति के लिए तैयार है जिससे खाद्य प्रंसस्करण क्षेत्र को मजबूती मिले.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने कहा, मेरी सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है. किसानों को हर सुविधा देने की जिम्मेदारी हमारी सरकार की है. सरकार किसानों को हर हक दिलाएगी जिसके वे हकदार हैं.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने कहा, प्रसंस्करण ऐसा सेक्टर है जिसकी कभी भी आगे बढ़ने की अनंत संभावनाएं हैं. पीएम मोदी के 2047 में विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में प्रसंस्करण बहुत बड़ा रोल निभाएगा. इसके लिए हमें एफपीओ अधिक बनाने पर ध्यान देना होगा. हमें डायवर्सिफिकेशन के माध्यम से अलग-अलग खाद्य पदार्थों को फूड चेन में शामिल करना होगा. इसके लिए हमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर ध्यान देना होगा. इसमें हमें किसी तरह का समझौता नहीं करना है.
केंद्रीय प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण ऐसा क्षेत्र है जिस पर सबसे अधिक ध्यान देने की जरूरत है. पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन प्रसंस्करण को सबसे अधिक मजबूत बनाना है.
इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे. कार्यक्रम में देशभर से करीब 2,000 किसान शामिल होंगे. इनके साथ नीति निर्माता, कृषि वैज्ञानिक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भी हिस्सा लेंगे.
महिंद्रा ट्रैक्टर्स इस कार्यक्रम के प्रस्तुतकर्ता हैं और महाधन एग्रीटेक सह-प्रस्तुतकर्ता. केंद्रीय कृषि मंत्रालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) भी किसान तक के साथ सहयोग कर रहे हैं. कॉन्फ्रेंस का मकसद किसानों के अनुभवों को आधुनिक कृषि विज्ञान, तकनीक, सरकारी नीतियों और उद्योग जगत से जोड़ना है.
सम्मेलन का समापन 12 नवंबर की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के साथ होगा. वे आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में किसानों की भूमिका मजबूत करने पर अपना दृष्टिकोण रखेंगे. सम्मेलन में इस पर भी जोर रहेगा कि किसानों को देश के विकास की मुख्य शक्ति के रूप में कैसे सशक्त बनाया जाए.
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए आमंत्रण जरूरी है. रजिस्ट्रेशन के लिए https://www.kisantak.in/smart-kisan-viksit-bharat/registration क्लिक करें.