नारियल फल नहीं, तिलहन है, फल-सब्जी मंडी में नहीं बेच सकेंगे व्यापारी; इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला

नारियल फल नहीं, तिलहन है, फल-सब्जी मंडी में नहीं बेच सकेंगे व्यापारी; इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नारियल की बिक्री को लेकर बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट ने नारियल को कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत तिलहन माना है. इसके चलते अब इसे फल और सब्जी मंडियों में बेचने की अनुमति नहीं होगी.  

नारियल को फल नहीं तिलहननारियल को फल नहीं तिलहन
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Nov 20, 2026,
  • Updated Nov 20, 2026, 10:12 AM IST

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नारियल की बिक्री को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है. कोर्ट ने साफ किया है कि कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत नारियल को फल नहीं, बल्कि तिलहन (Oilseed) माना गया है, इसलिए इसे फल और सब्जी मंडियों में बेचने की अनुमति नहीं दी जा सकती.  दरअसल, गाजियाबाद की एक फर्म 'मेसर्स थ्री स्टार फ्रूट कंपनी' ने साहिबाबाद की नई फल और सब्जी मंडी में हरे नारियल बेचने की अनुमति मांगी थी. फर्म ने कोर्ट में याचिका दाखिल कर नारियल को तिलहन की श्रेणी में रखने के फैसले को चुनौती दी थी.

फर्म ने क्या दी दलील?

याचिकाकर्ता फर्म का कहना था कि वनस्पति विज्ञान के अनुसार नारियल एक फल है. ऐसे में इसे फल और सब्जी मंडी में बेचने की अनुमति मिलनी चाहिए. फर्म ने यह भी कहा कि वह साल 2003 से इस मंडी में नारियल का कारोबार कर रही है और पहले उसे यहां नारियल बेचने की अनुमति भी मिली हुई थी.

सरकार ने क्या कहा?

राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि 30 जनवरी 1995 को किए गए संशोधन के तहत नारियल को कृषि तिलहन की श्रेणी में रखा गया था. सरकार के मुताबिक, व्यापारी गाजियाबाद के गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी में तय शुल्क देकर नारियल बेच सकते हैं.  

कोर्ट ने क्यों खारिज की याचिका?

जस्टिस आलोक माथुर और जस्टिस अमिताभ कुमार राय की खंडपीठ ने 12 नवंबर को दिए आदेश में सरकार की दलील को सही माना. कोर्ट ने कहा कि किसी कृषि उत्पाद की श्रेणी सिर्फ उसकी वनस्पति पहचान से तय नहीं होती, बल्कि उसके व्यावसायिक इस्तेमाल और बाजार में उसकी पहचान भी महत्वपूर्ण होती है. कोर्ट ने यह भी समझाया कि नारियल कई तरह का होता है. हरे और कोमल नारियल को फल की तरह खाया जाता है, जबकि पके और सूखे नारियल का इस्तेमाल तेल निकालने में भी किया जाता है, इसलिए केवल हरे नारियल को फल की तरह खाने के आधार पर पूरी श्रेणी को फल नहीं माना जा सकता.

अब तिलहन की श्रेणी में नारियल

कोर्ट ने यह भी कहा कि अगर पहले अधिकारियों ने नारियल की बिक्री पर रोक नहीं लगाई थी, तो इसका मतलब यह नहीं है कि व्यापारी को फल-सब्जी मंडी में नारियल बेचने का कानूनी अधिकार मिल गया. आखिरकार, हाईकोर्ट ने 1995 के वर्गीकरण को सही ठहराते हुए फर्म की याचिका खारिज कर दी. इस फैसले के बाद कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत नारियल का कारोबार निर्धारित नियमों के अनुसार तिलहन की श्रेणी में ही करना होगा. (PTI)

MORE NEWS

Read more!