देश के नए कृषि सचिव बने अतीश चंद्रा, डॉ. देवेश चतुर्वेदी की विदाई

देश के नए कृषि सचिव बने अतीश चंद्रा, डॉ. देवेश चतुर्वेदी की विदाई

केंद्रीय कृषि मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है. अतीश चंद्रा को देश का नया कृषि सचिव नियुक्त किया गया है. वहीं, लंबे और प्रभावशाली कार्यकाल के बाद डॉ. देवेश चतुर्वेदी को औपचारिक विदाई दी गई. समारोह में मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके योगदान की सराहना की.

New Agri SecretaryNew Agri Secretary
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Feb 28, 2026,
  • Updated Feb 28, 2026, 6:32 PM IST

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन हुआ है. वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अतीश चंद्रा देश के नए कृषि सचिव नियुक्त किए गए हैं. इसके साथ ही निवर्तमान सचिव डॉ. देवेश चतुर्वेदी को उनके प्रशासनिक सेवाकाल की पूर्णता पर औपचारिक विदाई दी गई. डॉ. देवेश चतुर्वेदी की सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें सम्मानित किया. 

इसी कार्यक्रम में नव-नियुक्त कृषि सचिव अतीश चंद्रा का औपचारिक स्वागत किया गया. मंत्री ने विश्वास जताया कि अतीश चंद्रा के नेतृत्व में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय किसानों के हित में चल रही योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा तथा नीतियों के क्रियान्वयन में नई ऊर्जा देखने को मिलेगी.

डॉ. चतुर्वेदी ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दिए अच्‍छे परिणाम: चौहान

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि डॉ. देवेश चतुर्वेदी का कार्यकाल चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद संतुलित, पारदर्शी और परिणामोन्मुख रहा. उनके नेतृत्व में मंत्रालय ने कई अहम नीतिगत और प्रशासनिक निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू किया, जिससे किसानों से जुड़े कार्यक्रमों को नई गति मिली.

केंद्रीय मंत्री ने देवेश चतुर्वेदी को दी शुभकामनाएं

समारोह के दौरान मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डॉ. चतुर्वेदी को स्मृति-चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके योगदान की सराहना की और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि डॉ. चतुर्वेदी की कार्यशैली और टीम के साथ समन्वय मंत्रालय के अधिकारियों के लिए एक उदाहरण रहा है.

बिहार कैडर के IAS हैं अतीश चंद्रा

नव-नियुक्त कृषि सचिव अतीश चंद्रा 1994 बैच के बिहार कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं. वह वर्तमान में प्रधानमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव के रूप में कार्यरत रहे हैं और 1 फरवरी 2026 से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में विशेष कार्य अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस में बीए और एमए की डिग्री हासिल कर चुके अतीश चंद्रा अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में दक्ष हैं और विशेष सचिव के तौर पर उनके पास नीतिगत और प्रशासनिक निर्णयों का व्यापक अनुभव रहा है.

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव शैलेश कुमार सिंह, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. कार्यक्रम में मंत्रालय के कामकाज, भावी प्राथमिकताओं और प्रशासनिक निरंतरता पर भी चर्चा हुई, जिससे स्पष्ट संकेत मिला कि कृषि क्षेत्र से जुड़ी नीतियों में स्थिरता और निरंतरता बनी रहेगी.

MORE NEWS

Read more!