Success Story: खेत की मजदूर महिला बनी कृषि इंडस्ट्री की मालकिन, करोड़ों के टर्नओवर के साथ सैकड़ों लोगों को दिया रोजगार

Success Story: खेत की मजदूर महिला बनी कृषि इंडस्ट्री की मालकिन, करोड़ों के टर्नओवर के साथ सैकड़ों लोगों को दिया रोजगार

बुलंदशहर की रहने वाली कृष्णा यादव की कहानी एक मिसाल है कि कैसे लगन और हौसले से किस्मत बदली जा सकती है. एक वक्त था जब घर की माली हालत इतनी खराब थी कि उन्हें अपना मकान तक बेचना पड़ा. मजबूरी में वे दिल्ली आईं और दूसरों के खेतों में मजदूरी करने लगीं. लेकिन उनके दिल में कुछ बड़ा करने का जज्बा था. महज 500 रुपये से शुरू हुआ उनका सफर आज कई करोड़ों के टर्नओवर तक पहुंच चुका है.

woman farmer success storywoman farmer success story
जेपी स‍िंह
  • नई दिल्ली,
  • Mar 23, 2026,
  • Updated Mar 23, 2026, 11:53 AM IST

संघर्ष की भट्टी में तपकर कुंदन बनी कृष्णा यादव की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली कृष्णा का जीवन एक समय ऐसे मोड़ पर था, जहां सिर छिपाने को छत तक नहीं थी. आर्थिक तंगी के कारण उन्हें अपना घर बेचना पड़ा और तीन बच्चों के साथ वे दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में मजदूरी करने पर मजबूर हो गईं. एक अनपढ़ महिला, जो दूसरों के खेतों में दिहाड़ी करती थी, आज  सैकड़ों से ज्यादा लोगों को रोजगार दे रही है. उनकी सफलता का राज केवल उनकी मेहनत नहीं, बल्कि कुछ नया सीखने की ज़िद और 'मेक इन इंडिया' के सपने को हकीकत में बदलने का जज्बा है.

पैसे-पैसे को तरसने वाले परिवार की बागडोर जब इस महिला ने संभाली, तो किस्मत ने भी उनके हौसले के आगे घुटने टेक दिए. आज उनका नाम कृषि जगत में बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है, क्योंकि उन्होंने साबित कर दिया कि कामयाबी डिग्री की मोहताज नहीं होती.

कृष्णा यादव की 'करोड़ों' वाली अचार क्रांति

बुलंदशहर की गलियों से निकलकर दिल्ली के आलीशान मंचों तक पहुंची कृष्णा यादव की कहानी केवल एक व्यापारिक सफलता नहीं, बल्कि अदम्य साहस का प्रतीक है. 1996 में जब उनके पति की नौकरी छूटी, तो परिवार के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया. एक तरफ तीन बच्चों की जिम्मेदारी थी और दूसरी तरफ आर्थिक तंगी से टूटे हुए पति. ऐसी घड़ी में कृष्णा ने हार मानने के बजाय लड़ने का फैसला किया. उन्होंने एक परिचित से मात्र 500 रुपये उधार लिए और एक बेहतर कल की तलाश में दिल्ली आ गईं. नजफगढ़ में किराये की जमीन पर सब्जियां उगाने से शुरू हुआ उनका सफर आज एक ऐसी मिसाल बन चुका है, जिसे देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति भी सलाम करते हैं.

सड़क किनारे की रेहड़ी से 151 उत्पादों का साम्राज्य

कृष्णा यादव की असली उड़ान तब शुरू हुई जब उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र उजवा  से 'फूड प्रोसेसिंग' की ट्रेनिंग ली. कृष्णा यादव की मेहनत को सही दिशा तब मिली जब वे दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के संपर्क में आईं. यहां से उन्होंने अचार और मुरब्बा बनाने की वैज्ञानिक ट्रेनिंग ली. अनपढ़ होने के बावजूद उन्होंने तकनीक को समझा और हाइजीन  और साफ-सफाई व पैकेजिंग के गुर सीखे.

ICAR उनके लिए एक मार्गदर्शक बनकर उभरा. 2001 में उन्होंने सिर्फ 'करौंदे के अचार' और कैंडी से शुरुआत की, जिसे वे सड़क किनारे बेचा करती थीं. लेकिन उनकी मेहनत और स्वाद का जादू ऐसा चला कि 2010 तक उन्होंने अपने पोर्टफोलियो में 151 अलग-अलग उत्पाद शामिल कर लिए.आज 'श्री कृष्णा पिकल्स' के बैनर तले अचार, चटनी और मुरब्बे के अलावा एलोवेरा जेल, जामुन और स्ट्रॉबेरी के जूस जैसे स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थ भी बनाए जा रहे हैं.

करोड़ों का टर्नओवर और 500 परिवारों को सहारा

जो महिला कभी खुद दूसरों के खेतों में मजदूरी करती थी,आज वह करोड़ों रुपये सालाना का टर्नओवर कर रही हैं. उनका यह सफर दिखाता है कि कैसे एक 'अनपढ़' कहलाने वाली महिला अपनी स्वदेशी सूझबूझ और वैज्ञानिक तकनीक के तालमेल से करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर सकती है. लेकिन कृष्णा यादव के लिए यह सफलता सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है. उन्होंने अपने इस उद्यम के माध्यम से 110 स्थायी और लगभग 400 मौसमी मजदूरों को रोजगार दिया है. उनके कारखाने में काम करने वाले ज्यादातर लोग ग्रामीण परिवेश से हैं, जिन्हें कृष्णा ने खुद आत्मनिर्भर बनाया है. उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया कि स्वरोजगार और 'मेक इन इंडिया' का सपना ग्रामीण भारत की मिट्टी में भी उतनी ही मजबूती से जड़ें जमा सकता है जितना किसी बड़े शहर के स्टार्टअप में.

30 हजार महिलाओं को ट्रेनिंग और समाज सेवा का जज्बा

कृष्णा यादव ने अपनी सफलता को सिर्फ खुद तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने अब तक बिहार, यूपी, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों की 30,000 से अधिक महिलाओं और युवाओं को फूड प्रोसेसिंग की ट्रेनिंग देकर स्वरोजगार के काबिल बनाया है. उनके दिल में समाज के लिए कितनी संवेदना है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने BSF के 147 शहीद जवानों की विधवाओं को मुफ्त ट्रेनिंग दी ताकि वे सम्मान के साथ अपना जीवन जी सकें. इसके अलावा, उन्होंने दिव्यांग युवाओं को भी मार्केटिंग के हुनर सिखाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा है. उनके इस सामाजिक योगदान ने उन्हें एक उद्यमी से ऊपर उठाकर एक समाज सुधारक की पहचान दी है.

राष्ट्रीय सम्मान और पद्म पुरस्कार की दावेदारी

कृष्णा यादव के इस बेमिसाल योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें 'नारी शक्ति पुरस्कार' साल 2016 और 'पंडित दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय कृषि पुरस्कार' जैसे कई बड़े सम्मानों से नवाजा है. वे आज उन सभी कृषि महिलाओं और ग्रामीण युवाओं के लिए एक 'रोल मॉडल' हैं, जो संसाधनों की कमी का रोना रोते हैं. उनकी दृढ़ता, ईमानदारी और दूसरों को साथ लेकर चलने की भावना हमें सिखाती है कि अगर इरादा नेक हो और मेहनत में सच्चाई हो, तो वक्त बदलते देर नहीं लगती.

MORE NEWS

Read more!