Padamshri Farmer Sultan Singh: मछलीपालन में लिखी कामयाबी की नई कहानी, देश ने दिया पद्मश्री सम्मान

Padamshri Farmer Sultan Singh: मछलीपालन में लिखी कामयाबी की नई कहानी, देश ने दिया पद्मश्री सम्मान

हरियाणा के करनाल में रहने वाले किसान सुल्तान सिंह की कहानी की शुरुआत मुश्किल थी, लेकिन आज वह मछलीपालन के सुल्तान कहे जाते हैं। उन्होंने मछलीपालन को अपने लिए तो चुना ही देश के 25 हजारों किसानों को भी ट्रेनिंग दी।

Padamshri Farmer Sultan SinghPadamshri Farmer Sultan Singh
क‍िसान तक
  • Nov 16, 2026,
  • Updated Nov 16, 2026, 12:48 PM IST

खेती की बात हो तो हरियाणा का नाम आते ही गेहूं, धान, सरसों और पशुपालन की तस्वीर सामने आती है। लेकिन करनाल के एक किसान ने इसी जमीन पर ऐसा काम किया, जिसकी कल्पना शायद चार दशक पहले किसी ने नहीं की थी। उन्होंने खेतों और गांव के तालाबों को मछली पालन की प्रयोगशाला बनाया और धीरे-धीरे इसे एक बड़े व्यवसाय में बदल दिया। यह कहानी है करनाल के बुटाना गांव के सुल्तान सिंह की, जिन्हें मछली पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए साल 2019 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

1982 में शुरू हुआ सफर

सुल्तान सिंह ने साल 1982 में मछली पालन शुरू किया। उस समय उत्तर भारत में निजी जमीन पर मछली पालन को व्यवसाय के तौर पर देखने वाले किसान बहुत कम थे। सुल्तान सिंह के लिए भी ये काम करना आसान नहीं था। शुरुआत उन्होंने गांव के एक तालाब को पट्टे पर लेकर की। उसमें मछलियों के कुछ बीज डाले और पहली ही बार में मुनाफा सामने था। तब हिम्मत करके उन्होंने अपने पिता से पुश्तैनी जमीन का कुछ हिस्सा मांगा, पर पिता ने साफ मना कर दिया। यहां तक कहा कि-'खेत में गड्ढे खोदने का ये काम तुम्हें बर्बाद कर देगा, अपने बच्चों को क्या खिलाओगे' , फिर भी सुल्तान सिंह अपने प्रयोग पर कायम रहे। आज वह करीब 30 एकड़ में मछलीपालन कर रहे हैं। 

खुद तैयार किए मछली के बीज

मछली पालन शुरू करने के बाद एक बड़ी चुनौती मछली के बीज की थी। शुरुआती दौर में सुल्तान सिंह को मछली का बीज कोलकाता से मंगवाना पड़ता था। ट्रेन से आने वाले बीज में देरी होती और कई बार नुकसान भी उठाना पड़ता। तब उन्होंने उसका समाधान सोचा। यहीं से उनके सफर में बड़ा बदलाव आया। उन्होंने तय किया कि मछली का बीज बाहर से खरीदने के बजाय खुद तैयार किया जाए। साल 1984 में उन्होंने हैचरी स्थापित की और उत्तर भारत में मछली के बीज उत्पादन की दिशा में काम शुरू किया।  आज वह अलग-अलग प्रजातियों का मछली बीज तैयार करके हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों तक पहुंचाते हैं। 


25 हजार लोगों को मछलीपालन की ट्रेनिंग

सुल्तान सिंह की कहानी सिर्फ अपने फार्म की सफलता की कहानी नहीं है। उन्होंने मछली पालन की तकनीक और अनुभव दूसरे किसानों के साथ भी साझा किया। किसान तक के पॉडकास्ट Annakshetreमें उन्होंने बताया कि वह करीब 25 हजार लोगों को मछली पालन की ट्रेनिंग दे चुके हैं और उनके व्यवसाय से सीधे तौर पर सैकड़ों लोगों की आजीविका जुड़ी है। हरियाणा सरकार के Fisheries Department के मुताबिक आज उनका काम freshwater fish breeding, fish seed supply, fish farming और RAS technology तक फैला हुआ है। उन्होंने पारंपरिक तालाब आधारित मछली पालन के साथ नई तकनीकों को भी अपनाया। वह recirculatory aquaculture system यानी RAS जैसी तकनीक का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।


2019 में मिला पद्मश्री सम्मान

 साल 2019 में मछली पालन के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया। हरियाणा जैसे राज्य में मछली पालन को व्यवसाय और रोजगार का मॉडल बनाना सुल्तान सिंह की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। तालाब से शुरू हुआ सफर आज हजारों किसानों के लिए एक रास्ता बन चुका है। हरियाणा की जमीन पर मछली पालन की इस कहानी के असली सुल्तान हैं—सुल्तान सिंह।

 


 

MORE NEWS

Read more!