Rajasthan News: नकली यूरिया और खाद कालाबाजारी पर बड़ा एक्‍शन, भिवाड़ी में टीम ने जब्‍त किए इतने बैग

Rajasthan News: नकली यूरिया और खाद कालाबाजारी पर बड़ा एक्‍शन, भिवाड़ी में टीम ने जब्‍त किए इतने बैग

भिवाड़ी में यूरिया की कालाबाजारी के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंपनी से 830 बैग संदिग्ध यूरिया जब्त किया. मुंडावर क्षेत्र के खाद विक्रेताओं में भी अनियमितताएं मिलीं. नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी है.

Urea Blackmarketing Action BhiwadiUrea Blackmarketing Action Bhiwadi
हिमांशु शर्मा
  • Bhiwadi,
  • Apr 15, 2026,
  • Updated Apr 15, 2026, 12:11 PM IST

राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र भिवाड़ी में यूरिया की कालाबाजारी और गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्रीनोक्स ऑयल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से 830 बैग यूरिया संदिग्ध हालात में बरामद किए हैं. इन सभी बैगों के इस्‍तेमाल पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है और उनके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं. टीम ने कार्रवाई की शुरुआत मुंडावर क्षेत्र से की, जहां खाद-बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों और गोदामों की जांच की गई.

इस दौरान पंसारी खाद बीज भंडार, मुंडावर और जय बाबा मनीराम खाद बीज भंडार, हटूंडी में गंभीर गड़‍बड़‍ियां सामने आईं. यहां रिकॉर्ड में गड़बड़ी और स्टॉक में अंतर मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं. साथ ही उनके लाइसेंस को निलंबित या निरस्त करने की सिफारिश भी की गई है.

खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई

इसके बाद टीम ने भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की 9 इंडस्‍ट्रियल यूनिट का निरीक्षण किया. इसी दौरान ग्रीनोक्स ऑयल प्राइवेट लिमिटेड में बड़ी मात्रा में यूरिया संदिग्ध स्थिति में मिला. प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 830 बैग जब्त कर लिए और उनके उपयोग पर रोक लगा दी.

कानूनी कार्रवाई की तैयारी में प्रशासन

प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया कि अगर जांच में गड़बड़ी साबित होती है तो संबंधित यूनिट के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

आगे और तेज होगी जांच

कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्रवाई को लेकर कहा कि आने वाले दिनों में जांच और तेज की जाएगी. लंबे समय से क्षेत्र में नकली यूरिया और कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं, जिन पर अब प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है. इस अचानक कार्रवाई से क्षेत्र के कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.

MORE NEWS

Read more!