
उत्तर प्रदेश में बागवानी के शौकीन लोगों को राजधानी लखनऊ स्थित राजभवन में अगले महीने शाक - भाजी और फल, फूलों की नई-पुरानी एवं कुछ अनोखी किस्मों से रूबरू होने का मौका मिलेगा. राजभवन में हर साल की तरह इस साल भी उद्याग विभाग द्वारा 17 फरवरी से फल, फूल और सब्जियों की प्रदर्शनी आयोजित की गई है. प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल 19 फरवरी तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का आगाज करेंगी.
उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निदेशक डॉ. आर के तोमर ने बताया कि 'प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी' में पूरे राज्य के किसान, उद्यमी और बागवानी प्रेमी शिरकत करेंगे. उन्होंने बताया कि तीन दिन तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में प्रदेश के विभिन्न इलाकों में उगाई जा रही फल, फूल और सब्जियों की खास किस्मों को देखने का मौका मिलेगा. डॉ तोमर ने कहा कि फल, फूल और सब्जियों के इस मेले को पहले से ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए किसानों, उद्यमियों एवं पुष्प प्रेमियों को अधिक संख्या में जोड़ा जाएगा. ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें.
प्रदेश के सभी जिला उद्यान अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जनपदों में बागवानी से जुड़े प्रगतिशील किसानों को इस प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए बुलावा भेजें. प्रदेश में शाक-भाजी, फल, फूल, शहद, पान, मशरूम तथा खाद्य प्रसंस्कृत उत्पादों से जुड़े बागवानी किसान राजभवन में अपने हुनर और उपज से लोगों को रूबरू कराएगे. प्रदर्शनी स्थल पर कलात्मक पुष्प सज्जा के वर्ग में शामिल होने वाले बच्चों व महिलाओं तथा मालियों के उत्पादों को अलग-अलग पंडाल में प्रदर्शित किया जाएगा. राजभवन प्रांगण में आयोजित इस प्रदर्शनी में आने वाले दर्शक एवं बच्चे राजभवन परिसर में नवनिर्मित पंचतंत्र की कहानियों पर आधारित उद्यान का अवलोकन कर सकेंगे.
डॉ तोमर ने कहा कि प्रदर्शनी में शामिल होने वाले पेड़ पौधों के पोषण एवं अन्य पहलुओं के बारे में लोगों को नवीन तकनीकी जानकारी सहित बागवानी से जुड़े सभी पहलुओं से अवगत कराया जाएगा. इसके लिए एक सूचना केन्द्र बनाया जा रहा है. इसमें छोटी-छोटी फिल्मों के माध्यम से लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा. इतना ही नहीं फल, फूल और सब्जियों की मार्केटिंग के बारे में भी बताया जाएगा. जिससे बागवानी के शौकीन लोग अपने शौक का आर्थिक लाभ भी उठा सकें.
डॉ तोमर ने बताया कि प्रदर्शनी में भाग लेने वाले अपनी बगिया के लिए पौधे आदि खरीद सकेंगे. इस दौरान पौधों के पोषण की विधि, खाद पानी देने की जानकारी और उपज को बेचने के लिए माकूल बाजार मिलने की सुविधा के बारे में भी लोगों को बताया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों में प्रतियोगी भावना विकसित करने के उद्देश्य से एक प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है. इसमें बागवानी के हुनर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा. इससे उत्पादक प्रोत्साहित हो सकेंगे और उच्च गुणवत्ता युक्त उत्पादों का राज्यव्यापी प्रसार भी हो सकेगा.
ये भी पढ़ें: PMFBY: बाड़मेर के किसानों को अब मिलेंगे 540 करोड़ रुपये
डॉ तोमर ने बताया कि प्रदर्शनी में अपने घर की बगिया को सजाने, टैरेस गार्डन बनाने, खिड़की एवं दरवाजों की फूलों और लताओं से सजावट करने आदि की प्रतियोगिता आयोजित होगी. इसमें उद्यान प्रेमी पंजीकरण करा करके ही भाग ले सकेंगे. इस प्रतियोगिता का पंजीकरण आगामी 16 जनवरी से 02 फरवरी तक 'प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी समिति' की वेबसाइट (http://upflowershowlko.in) पर कराया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि समिति के निर्णायक मण्डल द्वारा 04 व 05 फरवरी को प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: संकट में उत्तर प्रदेश के तराई इलाके, साठा धान सोख गया ग्राउंड वॉटर