उत्तर प्रदेश से 3,563 मीट्रिक टन आम का हुआ रिकॉर्ड निर्यात, लंदन समेत कई देशों में बढ़ी डिमांड

उत्तर प्रदेश से 3,563 मीट्रिक टन आम का हुआ रिकॉर्ड निर्यात, लंदन समेत कई देशों में बढ़ी डिमांड

Mango Export News: सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश आम उत्पादन के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान पर है. प्रदेश के 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में लगभग 61.96 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होता है, जो पूरे देश के कुल आम उत्पादन का लगभग 26.22 प्रतिशत है.

mango लखनऊ में 800 से अधिक आम की प्रजातियों का होगा प्रदर्शनmango लखनऊ में 800 से अधिक आम की प्रजातियों का होगा प्रदर्शन
नवीन लाल सूरी
  • LUCKNOW,
  • Jul 02, 2026,
  • Updated Jul 02, 2026, 6:13 PM IST

उत्तर प्रदेश के उद्यान,कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने एपीडा (APEDA) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि प्रदेश से आम के निर्यात में अभूतपूर्व प्रगति हुई है. वर्ष 2024-25 में जहां ₹2.63 करोड़ मूल्य का 404 मीट्रिक टन आम व पल्प निर्यात हुआ था, वहीं वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर ₹12.67 करोड़ मूल्य का 3,563 मीट्रिक टन हो गया है. उत्तर प्रदेश का आम यूनाइटेड किंगडम (लंदन), यूएई, सऊदी अरब, मलेशिया, सिंगापुर, कुवैत, न्यूजीलैंड, बेल्जियम, जापान, इटली, कतर और रूस जैसे विकासशील व विकसित देशों को निर्यात किया जा रहा है. इस वर्ष भी महोत्सव के अवसर पर प्रदेश से अन्य देशों को आम का निर्यात किया जाएगा.

आम उत्पादन में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर

सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश आम उत्पादन के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान पर है. प्रदेश के 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में लगभग 61.96 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होता है, जो पूरे देश के कुल आम उत्पादन का लगभग 26.22 प्रतिशत है. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के दशहरी, लंगड़ा, चौसा, गौरजीत, लखनऊ सफेदा, रटौल और आम्रपाली जैसी प्रजातियां दुनिया भर में विख्यात हैं. इनका लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज मण्डलों में बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है.

लखनऊ समेत इन जिलों में मैंगो पैक हाउस स्थापित

उन्होंने बताया कि लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी और अमरोहा में आधुनिक मैंगो पैक हाउस स्थापित किए गए हैं, जहां अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के तहत आम की प्री-प्रोसेसिंग और उपचार किया जा रहा है. जेवर एयरपोर्ट के पास फलों की टेस्टिंग एवं ट्रीटमेंट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे भविष्य में औद्यानिक निर्यात को और गति मिलेगी. सिंह ने बताया कि आम को कीटों व रोगों से बचाने तथा उनका आकार, स्वाद और चमक सुधारने के लिए इस वर्ष विभाग द्वारा किसानों को लगभग 1.50 करोड़ फ्रूट कवर बैग वितरित किए गए हैं.

आम की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और निर्यात से बनीं नई पहचान

अनुत्पादक और पुराने बागों के कैनोपी प्रबंधन के लिए प्रति हेक्टेयर इकाई लागत पर 40 प्रतिशत का अनुदान भी दिया जा रहा है. मंत्री ने कहा कि योगी सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश का आम आज गुणवत्ता, ब्रांडिंग और निर्यात के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है.

सीएम योगी करेंगे उत्तर प्रदेश आम महोत्सव का शुभारंभ

उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव -2026' का आयोजन 3 से 5 जुलाई तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में होगा.

उत्तर प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को त्रिदिवसीय महोत्सव का शुभारंभ करेंगे. महोत्सव में 7 श्रेणियों और 56 वर्गों में लगभग 800 से अधिक आम की प्रजातियों का प्रदर्शन किया जाएगा.  उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को 'जन भवन', लखनऊ में आम क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा.

देश के कई राज्यों से प्रगतिशील बागवान भी होंगे शामिल

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि महोत्सव में मेजबान उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के उ‌द्यान विभाग के प्रतिनिधि, प्रगतिशील बागवान एवं निर्यातक हिस्सा लेंगे. वहीं, महोत्सव में प्रदर्शन के लिए रखे गए आम के पौधे बिक्री के लिए भी उपलब्ध रहेंगे. उन्होंने अपील की कि महोत्सव में आए नागरिक अपने साथ कम से कम एक पौधा ले जाकर अवश्य रोपित करें.

ये भी पढ़ें-

 मौसम की मार के खिलाफ बड़ी ढाल, असम में महफूज हुआ जंगली चावल का अनोखा खजाना!

El Nino Impact: कम बारिश से बढ़ा संकट, देश के 166 बड़े बांधों में घटा पानी, जानिए कैसे बिगड़े हालात

MORE NEWS

Read more!