
देश में कृषि उत्पादन के लिहाज से वर्ष 2025-26 ऐतिहासिक रहा है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को प्रमुख कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान जारी किए. इसके मुताबिक, देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन 3785.38 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है. यह 2024-25 के मुकाबले 208.06 लाख टन ज्यादा है. वहीं, खरीफ सीजन 2026-27 के पहले अग्रिम अनुमान में भी खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख टन रहने की उम्मीद जताई गई है. यह पिछले पांच साल के औसत उत्पादन से 97.67 लाख टन अधिक है.
कृषि मंत्रालय के अंतिम अनुमानों के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में चावल का उत्पादन 1551.54 लाख टन रहा है. पिछले साल के 1501.84 लाख टन के मुकाबले इसमें 49.70 लाख टन की बढ़ोतरी हुई है. इसी तरह गेहूं का उत्पादन भी 41.19 लाख टन बढ़कर 1220.64 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है. वर्ष 2024-25 में गेहूं की पैदावार 1179.45 लाख टन थी.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में गेहूं और चावल का पर्याप्त भंडार है. भारतीय चावल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग बढ़ रही है और इसके निर्यात में 5 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है. अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट समेत कई देशों में भारतीय बासमती चावल की पहुंच बढ़ी है.
अनाज की अन्य फसलों में मक्का का प्रदर्शन भी बेहतर रहा है. वर्ष 2025-26 में मक्का उत्पादन बढ़कर 550.25 लाख टन हो गया, जबकि पिछले साल यह 434.09 लाख टन था. यानी एक साल में मक्का उत्पादन में 116.16 लाख टन की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, सभी पोषक और मोटे अनाज का कुल उत्पादन 740.80 लाख टन दर्ज किया गया है. इसमें श्री अन्न यानी मिलेट्स का उत्पादन 172.09 लाख टन रहा.
दलहन के उत्पादन में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वर्ष 2025-26 में देश का कुल दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन रहा, जो पिछले साल के 256.83 लाख टन से 15.57 लाख टन अधिक है. इसमें चने का उत्पादन 125.13 लाख टन और अरहर का उत्पादन 35.99 लाख टन रहा. मूंग ने 43.96 लाख टन के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गेहूं और चावल में पर्याप्त उत्पादन हासिल करने के बाद सरकार का जोर अब दलहन और तिलहन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर है. इसके लिए राष्ट्रीय दलहन मिशन और तिलहन मिशन के जरिए उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं.
वर्ष 2025-26 में देश का कुल तिलहन उत्पादन 432.55 लाख टन रहा है. पिछले साल यह 429.89 लाख टन था. तिलहन की प्रमुख फसलों में मूंगफली और सरसों का उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है. मूंगफली का उत्पादन 131.71 लाख टन रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 12.29 लाख टन ज्यादा है. वहीं, रेपसीड और सरसों का उत्पादन 137.66 लाख टन दर्ज किया गया है. इसमें पिछले साल के मुकाबले 10.99 लाख टन की बढ़ोतरी हुई है. सोयाबीन का उत्पादन 126.36 लाख टन रहा.
नकदी फसलों के अंतिम अनुमानों के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में गन्ने का उत्पादन 5037.29 लाख टन रहा है. कपास का उत्पादन 280.06 लाख गांठ दर्ज किया गया है. एक गांठ का वजन 170 किलोग्राम होता है. वहीं, जूट और मेस्ता का कुल उत्पादन 94.28 लाख गांठ रहा है. एक गांठ का वजन 180 किलोग्राम है.
कृषि मंत्रालय ने खरीफ सीजन 2026-27 के पहले अग्रिम अनुमान भी जारी किए हैं. इसके मुताबिक, खरीफ फसलों से कुल 1671.43 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन होने की उम्मीद है. यह पिछले पांच वर्षों के औसत खरीफ उत्पादन से 97.67 लाख टन अधिक है.
इस बार अल नीनो, मॉनसून में देरी और कई राज्यों में कम बारिश के कारण खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित हुई थी. महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ प्रमुख कृषि क्षेत्रों में मिट्टी की नमी कम होने और सूखे जैसी स्थिति का असर भी देखने को मिला. इसके बावजूद मंत्रालय ने खरीफ उत्पादन का अनुमान बेहतर रहने की उम्मीद जताई है.
खरीफ 2026-27 में चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन रहने का अनुमान है. वहीं, पोषक और मोटे अनाज का कुल उत्पादन 381.05 लाख टन रहने की उम्मीद है. इसमें मक्का की पैदावार 260.64 लाख टन, बाजरा 89.43 लाख टन, ज्वार 14.79 लाख टन और रागी 12.48 लाख टन रहने का अनुमान है. छोटे मिलेट्स का उत्पादन 3.71 लाख टन रहने की संभावना है.
पहले अग्रिम अनुमान के मुताबिक, खरीफ सीजन में कुल दलहन उत्पादन 71.32 लाख टन रह सकता है. इसमें अरहर का उत्पादन 31.22 लाख टन, मूंग 16.59 लाख टन और उड़द 14.49 लाख टन रहने का अनुमान है. अन्य दलहन फसलों का उत्पादन 9.02 लाख टन रहने की संभावना है.
वहीं, खरीफ तिलहन का कुल उत्पादन 239.47 लाख टन रहने का अनुमान है. इसमें मूंगफली की पैदावार 111.68 लाख टन और सोयाबीन का उत्पादन 102.44 लाख टन रहने की उम्मीद है. इसके अलावा अरंडी 18.97 लाख टन, तिल 4.91 लाख टन और सूरजमुखी 1.17 लाख टन रहने का अनुमान है.
खरीफ सीजन 2026-27 में गन्ने का उत्पादन 4543.39 लाख टन रहने का अनुमान है. वहीं, कपास की पैदावार 248.66 लाख गांठ रहने की संभावना है. जूट और मेस्ता का उत्पादन 97.06 लाख गांठ रहने का पहला अनुमान जारी किया गया है.
उत्पादन अनुमान तैयार करने में डिजिटल सर्वे और वैज्ञानिक आंकड़ों का इस्तेमाल
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि ये खरीफ सीजन के पहले अग्रिम अनुमान हैं. फसलों की कटाई के समय होने वाले फसल कटाई प्रयोगों से वास्तविक उपज के आंकड़े मिलने के बाद इनमें संशोधन किया जाएगा. इसके आधार पर दूसरे और अंतिम उत्पादन अनुमान जारी होंगे.
उन्होंने बताया कि उत्पादन अनुमान तैयार करने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिले आंकड़ों के साथ रिमोट सेंसिंग, डिजिटल क्रॉप सर्वे और डिजिटल जनरल क्रॉप एस्टिमेशन सर्वे का इस्तेमाल किया गया है. इसके अलावा साप्ताहिक फसल मौसम निगरानी समूह और कृषि उद्योग के प्रतिनिधियों से मिले इनपुट को भी शामिल किया गया है. आंकड़ों को तीन स्तर पर सत्यापन और मिलान की प्रक्रिया से गुजारा गया है.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है. वहीं गेहूं, कपास, मूंगफली और फल-सब्जियों के उत्पादन में भारत दूसरे स्थान पर है. गन्ने के उत्पादन में भारत ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर है.
उन्होंने कहा कि देश में खाद्यान्न उत्पादन बढ़ने के साथ अब कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण और दलहन-तिलहन की पैदावार बढ़ाना प्राथमिकता है. सरकार का लक्ष्य घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ खाद्य तेल और दालों के आयात पर निर्भरता कम करना है.