चक्रवात ‘अकवान’ से फसल बर्बाद! बंगाल के 5.73 लाख किसानों को मिलेगी 212 करोड़ की राहत

चक्रवात ‘अकवान’ से फसल बर्बाद! बंगाल के 5.73 लाख किसानों को मिलेगी 212 करोड़ की राहत

चक्रवात ‘अकवान’ के कारण हुई बारिश ने पश्चिम बंगाल में किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. राज्य सरकार ने 5.73 लाख से अधिक प्रभावित किसानों के लिए 212.3 करोड़ रुपये के राहत पैकेज का ऐलान किया है.

बंगाल के किसानों को बड़ी राहत (AI- Image)बंगाल के किसानों को बड़ी राहत (AI- Image)
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Nov 23, 2026,
  • Updated Nov 23, 2026, 10:02 AM IST

पश्चिम बंगाल में चक्रवात ‘अकवान’ के कारण हुई बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. इसे देखते हुए राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों के लिए 212.3 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की है. इससे राज्य के 5.73 लाख से अधिक किसानों को मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने रविवार को इसकी जानकारी दी. सीएम ने बताया कि किसानों को तत्काल राहत देने के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) से करीब 205 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. इसके अलावा बीज और खेती से जुड़ी दूसरी जरूरी चीजों के लिए भी सहायता दी जाएगी. इन सभी को मिलाकर कुल राहत राशि 212.3 करोड़ रुपये हो गई है.

दरअसल, चक्रवात ‘अकवान’ शुक्रवार सुबह पड़ोसी राज्य ओडिशा के गोपालपुर तट के पास पहुंचा था. इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुईं. अधिकारियों के शुरुआती आकलन के मुताबिक, फसलों को करीब 700 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. इसमें धान की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है.

आठ जिलों में 1.6 लाख हेक्टेयर फसल प्रभावित

अधिकारियों के अनुसार, राज्य के आठ जिलों में करीब 1.6 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई है. इनमें हुगली, हावड़ा, बांकुरा, पूर्व बर्धमान, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, पुरुलिया और पूर्व मेदिनीपुर शामिल हैं. बारिश के कारण धान के साथ सरसों, मसूर, सब्जियों, फूलों, केले, पपीते और पान की बेलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है.

प्रति हेक्टेयर मिलेंगे 8,500 से 22,500 रुपये

राज्य सरकार ने फसल के प्रकार और सिंचाई की सुविधा के आधार पर किसानों के लिए राहत राशि तय की है. सिंचित जमीन पर खेती करने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 17,000 रुपये दिए जाएंगे. वहीं, बारिश पर निर्भर खेती करने वाले किसानों को 8,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की सहायता मिलेगी. इसके अलावा लंबे समय तक चलने वाली फसलें उगाने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 22,500 रुपये दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार किसानों के हितों को लेकर संवेदनशील है और इस मुश्किल समय में किसानों के साथ खड़ी है. सरकार का प्रयास है कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जाए.

जलमग्न खेतों से पानी निकालने के लिए चलेगा अभियान

बारिश के कारण कई खेतों में पानी भर गया है. इसे देखते हुए राज्य सरकार सोमवार से 48 घंटे का विशेष अभियान चलाएगी. इसके तहत जलमग्न खेतों से पानी निकालने के लिए पंपसेट और मजदूरों को लगाया जाएगा. इस काम में ग्रामीण रोजगार योजना के तहत काम करने वाले मजदूर भी मदद करेंगे. सरकार का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य खेतों से पानी निकालकर धान की तैयार फसल को सड़ने से बचाना है, ताकि किसान समय रहते फसल की कटाई कर सकें. खास बात यह है कि खेतों से पानी निकालने का पूरा खर्च सरकार उठाएगी और किसानों को इसके लिए कोई पैसा नहीं देना होगा. (PTI)

MORE NEWS

Read more!