रबी की बुआई पिछले साल से 10% कम, गेहूं की बुआई में सबसे ज्यादा गिरावट

रबी की बुआई पिछले साल से 10% कम, गेहूं की बुआई में सबसे ज्यादा गिरावट

देश में इस साल रबी फसलों की बुआई पिछले साल के मुकाबले कम हुई है. कृषि मंत्रालय के 20 नवंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक अब तक 260.97 लाख हेक्टेयर में बुआई हुई है. पिछले साल इसी समय तक यह 290.80 लाख हेक्टेयर थी. यानी करीब 29.83 लाख हेक्टेयर कम, जो लगभग 10% की गिरावट है. गेहूं की बुआई 98.65 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो पिछले साल से 17% कम है. चने की बुआई भी करीब 15% घटकर 41.35 लाख हेक्टेयर रह गई है. वहीं सरसों और तिलहन की बुआई लगभग पिछले साल जितनी ही है. मसूर की बुआई करीब 24% बढ़ी है.

Rabi Crops Suggestion RajasthanRabi Crops Suggestion Rajasthan
क‍िसान तक
  • नई दिल्ली,
  • Nov 27, 2026,
  • Updated Nov 27, 2026, 12:42 PM IST

देश में रबी फसलों की बुआई इस साल पिछले साल के मुकाबले धीमी चल रही है. कृषि मंत्रालय ने 20 नवंबर 2026 तक के बुआई के आंकड़े जारी किए हैं. इनके मुताबिक अब तक कुल 260.97 लाख हेक्टेयर जमीन में रबी की फसलें बोई गई हैं. पिछले साल इसी समय तक यह आंकड़ा 290.80 लाख हेक्टेयर था. यानी इस बार करीब 29.83 लाख हेक्टेयर कम बुआई हुई है, जो लगभग 10% की गिरावट है.

इस सीजन के लिए कुल 690.69 लाख हेक्टेयर में बुआई का अनुमान है. इसकी तुलना में अब तक करीब 38% जमीन में ही बुआई हो पाई है.

गेहूं में सबसे बड़ी गिरावट

रबी की सबसे बड़ी फसल गेहूं की बुआई में सबसे ज्यादा कमी दिखी है. अब तक 98.65 लाख हेक्टेयर में गेहूं बोया गया है. पिछले साल इसी समय तक यह 119.18 लाख हेक्टेयर था. यानी करीब 20.53 लाख हेक्टेयर कम, जो लगभग 17% की गिरावट है. इस साल गेहूं के लिए 336 लाख हेक्टेयर का अनुमान रखा गया है.

दालों की बुआई भी घटी

कुल दलहन यानी दालों की बुआई 63.14 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो पिछले साल से करीब 6% कम है. पिछले साल यह 67.41 लाख हेक्टेयर थी.

सबसे बड़ी दलहन फसल चने की बुआई 41.35 लाख हेक्टेयर में हुई है. यह पिछले साल के 48.45 लाख हेक्टेयर से करीब 15% कम है.

हालांकि कुछ दालों में बढ़त भी है जिनमें मसूर, उड़द और मूंग शामिल हैं.

इन दालों की बुवाई में वृद्धि

  • मसूर की बुआई 11.10 लाख हेक्टेयर में हुई, जो पिछले साल से करीब 24% ज्यादा है.
  • उड़द की बुआई करीब 13% बढ़कर 0.98 लाख हेक्टेयर हो गई.
  • मूंग की बुआई 0.11 लाख हेक्टेयर में हुई, जो पिछले साल से करीब 47% ज्यादा है.

सरसों और तिलहन लगभग पिछले साल जितने

तिलहन फसलों की बुआई 73.94 लाख हेक्टेयर में हुई है. पिछले साल यह 73.99 लाख हेक्टेयर थी, यानी लगभग बराबर. रबी की मुख्य तिलहन फसल सरसों 71.05 लाख हेक्टेयर में बोई गई है. यह पिछले साल से सिर्फ 0.26% कम है.

अलसी की बुआई करीब 27% बढ़कर 1.18 लाख हेक्टेयर हो गई है. वहीं कुसुम (सेफ्लावर) की बुआई करीब 29% घटकर 0.34 लाख हेक्टेयर रह गई है.

मोटे अनाज और धान में भी कमी

ज्वार, मक्का, जौ जैसे मोटे अनाज की कुल बुआई 16.95 लाख हेक्टेयर में हुई है. यह पिछले साल से करीब 20% कम है. इनमें-

  • ज्वार की बुआई करीब 26% घटकर 9.29 लाख हेक्टेयर रह गई.
  • जौ की बुआई करीब 42% घटकर 1.65 लाख हेक्टेयर रह गई.
  • मक्का की बुआई 5.00 लाख हेक्टेयर में हुई, जो पिछले साल से सिर्फ 2% कम है.

रबी सीजन के धान की बुआई 8.29 लाख हेक्टेयर में हुई है. यह पिछले साल के 9.12 लाख हेक्टेयर से करीब 9% कम है.

अभी बुआई जारी

रबी की बुआई अभी चल रही है, इसलिए आने वाले हफ्तों में ये आंकड़े बदल सकते हैं. यह रिपोर्ट कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने जारी की है. सभी आंकड़े लाख हेक्टेयर में हैं.

MORE NEWS

Read more!