UP में गन्ना किसानों की चमकी किस्मत, आय दोगुनी, रिकॉर्ड भुगतान का दावा

UP में गन्ना किसानों की चमकी किस्मत, आय दोगुनी, रिकॉर्ड भुगतान का दावा

उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों की आय बढ़ने का दावा किया गया है. Surya Pratap Shahi के अनुसार, योगी सरकार में किसानों की आमदनी 52 हजार से बढ़कर 1.20 लाख रुपये तक पहुंची है. साथ ही किसानों को रिकॉर्ड भुगतान और बेहतर सुविधाएं मिलने से उनका भरोसा सरकार पर बढ़ा है.

योगी सरकार में गन्ना किसानों की बल्ले-बल्लेयोगी सरकार में गन्ना किसानों की बल्ले-बल्ले
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Apr 26, 2026,
  • Updated Apr 26, 2026, 10:45 AM IST

उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि राज्य में गन्ना किसानों की आय में बड़ा सुधार हुआ है. उन्होंने बताया कि पहले किसानों की औसत आय करीब 52 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये हो गई है. कृषि मंत्री ने कहा कि यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजनाओं और नीतियों के कारण संभव हुआ है.

रिकॉर्ड भुगतान से किसानों को राहत

कृषि मंत्री ने बताया कि योगी सरकार के दौरान गन्ना किसानों को अब तक 3 लाख 15 हजार करोड़ रुपये का रिकॉर्ड भुगतान किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि पहले किसानों को अपने पैसे के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब 8 से 10 दिन के अंदर भुगतान किया जा रहा है. इससे किसानों को काफी राहत मिली है और उनका भरोसा सरकार पर बढ़ा है.

पुरानी सरकार पर लगाए आरोप

मंत्री ने पिछली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय गन्ना किसानों का भुगतान समय पर नहीं होता था. उन्होंने कहा कि कई बार किसानों को 30 महीने से ज्यादा इंतजार करना पड़ता था. साथ ही यह भी कहा कि उस समय कुछ खास जिलों में ही अच्छी बिजली मिलती थी, जबकि बाकी जगहों पर लोगों को परेशानी होती थी.

गन्ने का बढ़ा दाम और बेहतर सुविधा

सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि अब गन्ने का मूल्य भी बढ़ाया गया है. पहले जहां किसानों को लगभग 300 रुपये प्रति क्विंटल मिलते थे, वहीं अब यह बढ़कर 400 रुपये तक पहुंच गया है. इसके अलावा किसानों को बिजली, सिंचाई और अन्य सुविधाएं भी बेहतर तरीके से दी जा रही हैं. कई किसानों के बिजली बिल माफ किए गए हैं और खेतों में पानी पहुंचाने के लिए नई योजनाएं चलाई जा रही हैं.

खेती में बढ़ा उत्पादन

मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब कृषि के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. राज्य में गेहूं, चावल, आलू, तिलहन और सब्जियों का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है. इससे किसानों की आय भी बढ़ रही है और राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है.

इथेनॉल से मिली नई ताकत

उन्होंने यह भी बताया कि गन्ने से इथेनॉल बनाने की योजना से चीनी मिलों को मजबूती मिली है. इससे मिलों के पास पैसे की कमी नहीं होती और किसानों का भुगतान समय पर हो जाता है. यह योजना किसानों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो रही है.

सरकार पर बढ़ा भरोसा

कृषि मंत्री ने कहा कि अब किसानों का भरोसा सरकार पर बढ़ा है. उन्हें विश्वास है कि उनकी मेहनत का सही मूल्य मिलेगा. सरकार का प्रयास है कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और वे खुशहाल जीवन जी सकें. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी किसानों के हित में ऐसे ही कदम उठाए जाते रहेंगे, ताकि खेती और किसानों की स्थिति और बेहतर हो सके.

ये भी पढ़ें: 

किसानों की सुविधा पर जोर, गेहूं खरीदी व्यवस्था को लेकर सख्त हुए शिवराज सिंह चौहान
खेती के डिजिटलीकरण पर केंद्र का बड़ा कदम, AgriStack के लिए राज्‍यों को मिलेगा इतना ब्याज-मुक्त कर्ज

MORE NEWS

Read more!