MP में गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ने के संकेत, बंपर उत्पादन के बीच MSP पर रिकॉर्ड खरीदी जारी

MP में गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ने के संकेत, बंपर उत्पादन के बीच MSP पर रिकॉर्ड खरीदी जारी

मध्य प्रदेश में बंपर उत्पादन के चलते गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ सकता है. MSP 2585 रुपये और 40 रुपये बोनस के साथ किसानों से रिकॉर्ड खरीदी जारी है, जिससे लाखों किसानों को सीधा फायदा मिल रहा है.

wheat procurement delhiwheat procurement delhi
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Apr 23, 2026,
  • Updated Apr 23, 2026, 5:45 PM IST

मध्य प्रदेश में गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ सकता है. इस बार गेहूं का बंपर उत्पादन हुआ है जिसे देखते हुए खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की मांग की जा रही है. इससे किसानों को उपज बेचने में मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत सरकार ने रबी मार्केटिंग सीजन 2026–27 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीद का लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया है. राज्य में गेहूं के बंपर उत्पादन को देखते हुए, इस बात की अधिक संभावना है कि खरीद निर्धारित लक्ष्य से अधिक होगी. इसे देखते हुए, खरीद लक्ष्य बढ़ाने के लिए भारत सरकार के साथ चर्चा की गई है, और इस बारे में लगातार बात चल रही है.

रबी मार्केटिंग सीजन 2026–27 के लिए, कुल 19.04 लाख किसानों ने MSP पर गेहूं खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 3 लाख अधिक है. अब तक, पूरे राज्य में 2,21,455 किसानों से 95,17,550 क्विंटल गेहूं की खरीद पूरी हो चुकी है. इसमें से 75,57,580 क्विंटल गेहूं की ढुलाई भी की जा चुकी है. जिन 1,06,055 किसानों ने अपना गेहूं MSP पर बेचा है, उन्हें 1,091.33 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है.

बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था

मध्य प्रदेश सरकार ने कहा है कि खरीद सीजन के दौरान पश्चिम एशिया में लड़ाई के कारण शुरुआती चुनौतियों के बावजूद बारदानों (बोरी) की पर्याप्त व्यवस्था की गई है. नई जूट की बोरियों के साथ-साथ PP बोरियों और रिसाइकिल बारदानों की भी व्यवस्था की गई है. मौजूदा समय में, गेहूं खरीद के काम को सुचारू रूप से चलाने के लिए पर्याप्त भंडारण सामग्री उपलब्ध है.

मध्य प्रदेश में किसानों से गेहूं 2,585 प्रति क्विंटल MSP की दर से खरीदा जा रहा है, जिसके साथ 40 रुपये प्रति क्विंटल का राज्य बोनस भी दिया जा रहा है. इस प्रकार प्रभावी खरीद मूल्य 2,625 रुपये प्रति क्विंटल हो जाता है.

खरीदी के लिए 3171 उपार्जन केंद्र

प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंगलवार को बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अभी तक एक लाख 88 हजार 971 किसानों से 81 लाख 76 हजार 970 क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है. एक लाख से अधिक किसानों को 1083 करोड़ 80 लाख रुपये का भुगतान उनके बैंक खाते में किया जा चुका है. अभी तक 6 लाख 24 हजार 235 किसानों द्वारा 2 करोड़ 62 लाख 26 हजार 360 क्विंटल गेहूं की बिक्री के लिए स्लॉट बुक किए जा चुके हैं. किसानों की सुविधा के लिए खरीद केंद्रों पर तौल कांटों की संख्या 4 से बढ़कर 6 कर दी गई है. इससे समय पर किसानों के गेहूं की तुलाई हो सकेगी. खरीदी के लिए 3171 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं.

खरीद केंद्र की क्षमता अनुसार उपज की तौल की जा सके और अधिक से अधिक किसानों से खरीदी की जा सके, इसके लिए हर दिन प्रति सेंटर पर गेहूं बिक्री के लिए स्लॉट बुकिंग की क्षमता 1000 क्विंटल से बढ़ाकर 1500 क्विंटल की गई थी. अब इसे बढ़ाकर 2250 क्विंटल प्रतिदिन प्रति केंद्र कर दिया गया है.

MORE NEWS

Read more!