छत्तीसगढ़ के दुर्ग में गैर-कानूनी अफीम की खेती का भंडाफोड़, BJP नेता पर कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में गैर-कानूनी अफीम की खेती का भंडाफोड़, BJP नेता पर कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गैर-कानूनी अफीम की खेती का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस का कहना है कि खेत से करीब 50 हजार से ज्यादा पके हुए अफीम के पौधे मिले हैं. फिलहाल जमीन की पैमाइश की जा रही है और ड्रोन से आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है.

Opium fieldOpium field
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Mar 08, 2026,
  • Updated Mar 08, 2026, 8:52 AM IST

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गैर-कानूनी अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है. पुलिस और प्रशासन की टीम को जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम समोदा में शिवनाथ नदी के पास कई एकड़ में फैली अफीम की खेती मिली है. इस मामले के सामने आते ही प्रशासन और नारकोटिक्स विभाग ने जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक, यह खेती खसरा नंबर 310 की जमीन पर पाई गई है, जो समोदा और झंझरी गांव की सीमा पर स्थित है. राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार. करीब 9 एकड़ 92 डिसमिल जमीन मधुमती ताम्रकार और प्रीति बाला ताम्रकार के नाम दर्ज है. हालांकि शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस जमीन पर खेती का काम स्थानीय भाजपा नेता विनायक ताम्रकार देख रहे थे.

50 हजार अफीम पौधे बरामद

पुलिस का कहना है कि खेत से करीब 50 हजार से ज्यादा पके हुए अफीम के पौधे मिले हैं. खेत की मेड़ों पर मक्का की फसल लगाई गई थी, ताकि अंदर हो रही अफीम की खेती को छुपाया जा सके. यह कार्रवाई 6 मार्च को शुरू हुई थी, जब गांव के सरपंच ने पुलिस को संदिग्ध खेती की सूचना दी थी. इसके बाद पुलिस, जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने भी मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया.

ड्रोन से इलाके की हो रही निगरानी

फिलहाल जमीन की पैमाइश की जा रही है और ड्रोन से आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और भी इसी तरह की अवैध खेती तो नहीं हो रही. इस मामले की जांच में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की दो सदस्यीय टीम भी शामिल हो गई है, जो पौधों के सैंपल लेकर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.  

BJP विधायक पर कार्रवाई

जांच के दौरान पुलिस ने विनायक ताम्रकार और बृजेश ताम्रकार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. वहीं, इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई. पाटन के विधायक भूपेश बघेल भी मौके पर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और कुछ देर के लिए पुलिस और लोगों के बीच तनाव की स्थिति भी बन गई.

खेती में शामिल लोगों होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

इस घटना के बाद भाजपा ने भी कार्रवाई की है. पार्टी के प्रदेश महासचिव नवीन मार्कंडेय की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि विनायक ताम्रकार के आचरण से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है और यह संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन है. प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया है. वहीं, अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध अफीम की खेती से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह खेती कब से चल रही थी. प्रशासन ने साफ किया है कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

MORE NEWS

Read more!