राजस्थान में सरसों की शुरुआती अवस्था में इन कीटों का खतरा, कृषि विभाग ने बताए बचाव के उपाय

राजस्थान में सरसों की शुरुआती अवस्था में इन कीटों का खतरा, कृषि विभाग ने बताए बचाव के उपाय

राजस्थान में सरसों की शुरुआती अवस्था में पेंटेड बग और आरा मक्खी का प्रकोप फसल को नुकसान पहुंचा सकता है. कृषि विभाग ने किसानों को खेतों की नियमित निगरानी, खरपतवार नियंत्रण और जरूरत पड़ने पर उचित कीटनाशकों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.

mustard pest attackmustard pest attack
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 09, 2026,
  • Updated Nov 09, 2026, 1:41 PM IST

राजस्थान में सरसों की फसल पर शुरुआती अवस्था में पेंटेड बग (चितकबरा कीट) और आरा मक्खी का खतरा मंडरा रहा है. कई गांवों में कीट प्रकोप के मामले सामने आए हैं. इन कीटों का समय पर नियंत्रण नहीं होने से पौधों की संख्या, बढ़वार और आगे चलकर उत्पादन प्रभावित हो सकता है. ऐसे में कृषि विभाग ने किसानों को फसल की नियमित निगरानी करने और कीटों के लक्षण दिखाई देते ही नियंत्रण के उपाय अपनाने की सलाह दी है.

सरसों की फसल में पेंटेड बग का प्रकोप अंकुरण के तुरंत बाद दिखाई दे सकता है. वहीं, आरा मक्खी का हमला आमतौर पर अंकुरण के 7 से 10 दिन बाद शुरू होता है. शुरुआती अवस्था में पौधे कमजोर होने के कारण इन कीटों का हमला फसल के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है. इसलिए बुवाई के बाद शुरुआती 25 से 30 दिनों तक खेतों की नियमित निगरानी करना जरूरी है.

पेंटेड बग से पत्तियां पीली पड़कर सूखने लगती हैं

पेंटेड बग यानी चितकबरा कीट के शरीर पर काले रंग के साथ लाल और पीले निशान होते हैं. इसके शिशु और वयस्क कीट सरसों के पौधों की पत्तियों और कोमल हिस्सों से रस चूसते हैं. इसके कारण पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और पौधे धीरे-धीरे मुरझाकर सूख सकते हैं. अधिक प्रकोप होने पर छोटे पौधे पूरी तरह नष्ट होने का खतरा रहता है.

आरा मक्खी की सूंडियां चट कर जाती हैं पत्तियां

आरा मक्खी का प्रकोप भी सरसों की शुरुआती बढ़वार के दौरान नुकसान पहुंचाता है. इसकी हरे या धूसर रंग की सूंडियां पहले पत्तियों के किनारों को खाना शुरू करती हैं. प्रकोप बढ़ने पर ये पूरी पत्तियां खा जाती हैं और केवल डंठल और नसें बचती हैं. इससे पौधों की सामान्य बढ़वार प्रभावित होती है और फसल की उत्पादन क्षमता घट सकती है.

खेत को खरपतवार मुक्त रखें किसान

कीटों से बचाव के लिए किसानों को खेतों में फसल अवशेष और खरपतवार नष्ट करने की सलाह दी गई है. बुवाई के लिए प्रमाणित बीज का इस्तेमाल करें और अनुशंसित बीजोपचार के बाद ही फसल की बुवाई करें. पेंटेड बग के प्रकोप को कम करने के लिए खेत और मेड़ों को खरपतवार मुक्त रखें. 

पौधों पर कीटों के समूह दिखाई देने पर उन्हें एकत्रित करके नष्ट करें. आरा मक्खी की सूंडियों को सुबह या शाम के समय हाथ से चुनकर नष्ट किया जा सकता है. जरूरत के अनुसार खेत में हल्की सिंचाई करने से भी इसकी सूंडियों का प्रकोप कम करने में मदद मिल सकती है.

प्रकोप बढ़ने पर इन कीटनाशकों के इस्तेमाल की सलाह

कीटों का प्रकोप अधिक होने पर कृषि विभाग की ओर से कुछ कीटनाशकों के इस्तेमाल की सलाह दी गई है.

पेंटेड बग और आरा मक्खी के नियंत्रण के लिए: क्यूनालफॉस 1.5 प्रतिशत डस्ट का 6 किलो प्रति बीघा की दर से भुरकाव करें.

पेंटेड बग का अधिक प्रकोप होने पर: इमिडाक्लोप्रिड 17.8 एसएल की 0.3 मिलीलीटर मात्रा प्रति लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करने की सलाह है.

आरा मक्खी का अधिक प्रकोप होने पर: मैलाथियान 50 ईसी की 1 मिलीलीटर मात्रा प्रति लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव किया जा सकता है.

कीटनाशकों का इस्तेमाल संबंधित उत्पाद के स्वीकृत लेबल और कृषि विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार ही करें.

छिड़काव के दौरान इन सावधानियों का रखें ध्यान

कीटनाशकों का छिड़काव या भुरकाव सुबह अथवा शाम के समय करना चाहिए. निर्धारित मात्रा से अधिक दवा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. छिड़काव के दौरान दस्ताने, मास्क और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण पहनें. कीटनाशक खरीदते समय दुकानदार से बिल जरूर लें.

फसल में कीटों के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी कृषि अधिकारी या कृषि पर्यवेक्षक से संपर्क कर उचित नियंत्रण उपायों की जानकारी लें. किसानों के लिए जरूरी है कि सरसों की शुरुआती अवस्था में कीटों के हमले को नजरअंदाज न करें. समय पर पहचान, नियमित निगरानी और उचित नियंत्रण उपाय अपनाकर फसल को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है.

MORE NEWS

Read more!