
अप्रैल में ही देशभर में गर्मी तेज हो गई है. उत्तर प्रदेश में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है. तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. यह मौसम सिर्फ लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि पशुओं के लिए भी चिंता का कारण बन गया है. इसी बीच योगी सरकार ने बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए प्रदेश के सभी गौशालाओं में पशुओं की सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से कहा गया है कि सभी गौशालाओं में गर्मी से बचाव के पूरे इंतजाम तुरंत किए जाएं, ताकि किसी भी लापरवाही से पशुओं को नुकसान न हो.
भीषण गर्मी से पशुओं को बचाने के लिए सभी गौशालाओं पर वाटर मिस्टिंग सिस्टम, कूलर, पंखे और पर्याप्त छाया की व्यवस्था जरूरी करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही पशुओं के लिए साफ पीने के पानी की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है. अधिकारियों को नियमित जांच करने और व्यवस्थाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अगर कहीं कोई कमी हो तो उसे तुरंत दूर किया जा सके.
योगी सरकार ने संभावित चारा संकट को देखते हुए इसके समाधान के लिए भी व्यापक रणनीति अपनाने को कहा है. गौशालाओं में पर्याप्त मात्रा में हरा चारा और भूसा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पशुओं के पोषण में कोई कमी न आए.
पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि प्रदेश में चारागाह जमीन को कब्जे से मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं. खाली कराई गई जमीन पर हाइब्रिड नेपियर घास बोने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि लंबे समय तक हरा चारा मिलता रहे. इसके अलावा गौशालाओं में छाया देने वाले पेड़ लगाए जा रहे हैं. जौनपुर के जिलाधिकारी ने भूसा दान करने वालों को “पुण्य की एफडी” प्रमाण पत्र भी बांटे हैं. वहीं, आजमगढ़, बागपत, सहारनपुर और हरदोई के गौशालाओं में वाटर मिस्टिंग सिस्टम, पंखे, कूलर और फॉगर जैसी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.
भूसा दान अभियान को लेकर भी प्रदेश में सकारात्मक रुझान देखने को मिला है. अब तक महराजगंज, जौनपुर, बलिया, वाराणसी, एटा, सहारनपुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, चित्रकूट, गोरखपुर समेत 10 जनपद इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के सहयोग से गौशालाओं को पर्याप्त मात्रा में भूसा उपलब्ध कराया जा रहा है. राज्य सरकार ने अन्य जनपदों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है.