
तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है. खासतौर से दोपहर के वक्त तापमान तेजी से बढ़ रहा है. रात में भी अब गर्मी महसूस होने लगी है. देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 35 डिग्री से लेकर 42 डिग्री पर पहुंच चुका है. खासतौर से उन राज्य और शहरों में भी जहां झींगा पालन किया जाता है. झींगा एक्सपर्ट और झींगा किसानों की मानें तो जब तापमान 32 डिग्री को छूने लगे तो ऐसे में फौरन ही झींगा के दिनभर के खानपान में और तालाब में बदलाव कर देना चाहिए. एक्सपर्ट की ओर से भी झींगा को गर्मी और लू से बचाने के लिए कई टिप्स दिए जा रहे हैं. तालाब के पानी और झींगा को दिए जाने वाले फीड से लेकर रखरखाव के बारे में एडवाइजरी जारी की जा रही है. खासतौर से तालाब के पानी का तापमान, पानी का स्तर, तालाब की सफाई आदि पर खास ध्यान देने की जरूरत बताई जा रही है.
क्योंकि मछली हो या फिर झींगा, दोनों के लिए पानी का तापमान तय है. अगर तापमान उससे ज्यादा या कम होता है तो फिर तालाब में नुकसान होना शुरू हो जाता है. अगर बात झींगा पालन की करें तो उसके लिए भी तेज गर्मी और लू के थपड़े जानलेवा साबित होते हैं. जैसे अभी उत्तर भारत के दर्जनों शहरों में तापमान 38 से लेकर 40 डिग्री तक जा रहा है. खासतौर पर यूपी, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में झींगा पालन करने वालों पर इसका असर दिखाई देने लगता है.
झींगा किसान और एक्सपर्ट डॉ. मनोज शर्मा का कहना है कि भारत में ज्यादातर विदेशी झींगा का पालन किया जाता है. इस झींगा को 26 से 31 डिग्री तापमान वाले पानी की जरूरत होती है. लेकिन अभी तेज गर्म हवाएं चलने के साथ ही तापमान भी बढ़ रहा है. यह झींगा के लिए बहुत ही खतरनाक है.
यही वजह है कि पंजाब और राजस्थान में गर्मी और लू के चलते झींगा मर रहा है. तालाब में फाइटो क्लाइंजम (अल्गी) लगी होती है. पानी के अंदर इसी से झींगा को मुख्य रूप से ऑक्सीजन मिलती है. लेकिन तेज गर्मी और गर्म पानी के चलते यह मुरझा जाती है. बिजली बहुत महंगी है तो मछली पालक पंखे और इरेटर बहुत कम चलाते हैं.
डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि मौजूदा मौसम को देखते हुए तालाब के पानी को ठंडा रखने के लिए खासतौर पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक पंखे और इरेटर चलाएं. गर्मियों में सूखा खाने को न दें. एक लीटर मीठे फ्रेश पानी में 100 ग्राम गुड़ घोलकर, दो से तीन ग्राम विटामिन सी घोलकर दें. ग्लूकोज पाउडर भी खोलकर पिलाया जा सकता है.
झींगा को दी जाने वाली दोपहर की खुराक एकदम कम कर दें. 10 फीसद से ज्यादा खाने को न दें. सुबह-शाम और रात 30-30 फीसद तक खाने को दें. तालाब के पानी की हाईट बढ़ा दें. अगर तालाब में 3.5 फुट पानी है तो उसे पांच से 5.5 फुट कर दें. क्योंकि ऊपर का पानी गर्म भी हो जाएगा तो 3.5 फुट पानी की सतह सामान्य बनी रहेगी.
ये भी पढ़ें- Breed Production: OPU-IVF से मां बनेंगी सड़क-खेतों में घूमने वाली छुट्टा गाय
ये भी पढ़ें- Egg Production: पोल्ट्री फार्म में कैसे बढ़ेगा अंडा उत्पादन, पढ़ें पोल्ट्री एक्सपर्ट के 10 टिप्स