
किसानों के लिए खेती के अलावा पशुपालन कमाई का एक बेहतर जरिया बनते जा रहा है. लेकिन बरसात में पशुपालकों के लिए चारे का इंतजाम करना सबसे बड़ी चुनौती होती है, क्योंकि पशुओं के अच्छे पोषण के लिए हरा चारा खिलाना बेहद जरूरी होता है. ऐसे में अब पशुपालकों की इस समस्या का भी समाधान मिल गया है. दरअसल, किसान अब एक ऐसे घास की खेती कर सकते हैं जो एक बार लगाने पर कई बार तक काटा जा सकता है. इस घास का नाम है दीनानाथ. दरअसल, ये चारा पशुओं के लिए काफी फायदेमंद होता है. ऐसे में आज हम इस घास से जुड़ी सभी जानकारी आपको बताएंगे.
दीनानाथ घास, जिसे पेनिसेटम पेडिसेलेटम भी कहा जाता है, ये दूधारू पशुओं के लिए एक बेहतरीन और पौष्टिक हरा चारा माना जाता है. यह घास तेजी से बढ़ती है और कम समय में भरपूर चारा उपलब्ध कराती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सूखा, कम पानी और अन्य कठिन परिस्थितियों में भी अच्छी तरह उगाई जा सकती है. यही कारण है कि इसे कम खर्च में अधिक चारा देने वाली घास के रूप में जाना जाता है. दीनानाथ घास में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पशुओं की सेहत को बेहतर बनाने और दूध उत्पादन बढ़ाने में मदद करते हैं. पशु इसे स्वाद लेकर खाते हैं, जिससे उनकी पोषण संबंधी जरूरतें पूरी होती हैं.
दीनानाथ घास पशुओं के लिए एक बेहद पौष्टिक और उच्च गुणवत्ता वाला हरा चारा है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें प्रोटीन, जिंक और अन्य जरूरी पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं, जो पशुओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. दीनानाथ घास का नियमित सेवन पशुओं की पाचन क्षमता को मजबूत करता है, जिससे वे चारे का बेहतर उपयोग कर पाते हैं और उनकी शारीरिक वृद्धि भी अच्छी होती है. यह घास गाय, भैंस और अन्य दुधारू पशुओं के लिए विशेष रूप से फायदेमंद मानी जाती है. इसके पोषक गुणों के कारण दूध उत्पादन में भी बढ़ोतरी देखने को मिलती है.
दीनानाथ घास की खेती के लिए सबसे पहले खेत की अच्छी तरह जुताई करके उसे भुरभुरा और समतल बना लें, ताकि बीजों का अंकुरण बेहतर हो सके. इसके बाद खेत में बीजों की बुवाई करें. यह घास गर्म और नम जलवायु में सबसे अच्छी बढ़ती है, इसलिए इसकी खेती बरसात के मौसम में करना अधिक फायदेमंद माना जाता है. वहीं, बुवाई करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि बीज बहुत गहराई में न जाएं. विशेषज्ञों के अनुसार, बीजों को 1 से 2 सेंटीमीटर की गहराई पर बोना सबसे उपयुक्त रहता है, जबकि 1.5 सेंटीमीटर से अधिक गहराई पर बुवाई करने से अंकुरण प्रभावित हो सकता है.
दीनानाथ घास की बुवाई के लिए सबसे उपयुक्त समय जून से जुलाई का महीना माना जाता है. इसकी खेती मुख्य रूप से खरीफ मौसम में की जाती है, क्योंकि यह एक वर्षा आधारित चारा फसल है और गर्म और उमस भरे बरसाती मौसम में तेजी से बढ़ती है. मॉनसून के दौरान पर्याप्त नमी मिलने से इसकी वृद्धि अच्छी होती है और कम समय में भरपूर हरा चारा तैयार हो जाता है. सही समय पर बुवाई करने से दीनानाथ घास की पैदावार बेहतर होती है और पशुओं के लिए लंबे समय तक पौष्टिक हरा चारा मिलता रहता है.