आज का मौसम: दक्षिण भारत में भारी बारिश... उत्तर भारत में छाएगा घना कोहरा, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

आज का मौसम: दक्षिण भारत में भारी बारिश... उत्तर भारत में छाएगा घना कोहरा, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

26 नवंबर को दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में गरज-चमक और 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में घने कोहरे की चेतावनी है.

Advertisement
आज का मौसम: दक्षिण भारत में भारी बारिश... उत्तर भारत में छाएगा घना कोहरा, पढ़ें IMD का ताजा अपडेटआज का मौसम (AI Image)

देशभर में इन दिनों अलग-अलग मौसमी गतिविधियों का असर देखने को मिल रहा है. उत्तर भारत में सर्दी के साथ घने कोहरे की चुनौती बढ़ रही है तो वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर चल रहा है. इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि पूर्वी हवाओं के असर से केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 26 नवंबर को भी भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज झोंकेदार हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है. इसके अलावा अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. आइए जानते हैं 26 नवंबर से आगे देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का हाल…

हरियाणा, पंजाब, हिमाचल में छाएगा कोहरा!

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में 26 नवंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह घना कोहरा यातायात को प्रभावित कर सकता है. IMD ने हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में 26 और 27 नवंबर को घने कोहरे की आशंका जताई है. पंजाब में 27 नवंबर तक और हिमाचल प्रदेश में 26 नवंबर तक कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है. कम विजिबिल‍िटी से सड़क, रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं.

दिल्ली-NCR में सुबह धुंध और रात में ठंड

आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली-NCR में 26 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है. सुबह धुंध छाने की संभावना है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 27 नवंबर को भी मौसम साफ रह सकता है, हालांकि सुबह कुछ स्थानों पर हल्का या घना कोहरा देखने को मिल सकता है. 28 नवंबर को भी धुंध और हल्के कोहरे की संभावना है. न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री रह सकता है.

केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार

वहीं, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश तेज रह सकती है. IMD ने इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है. केरल और माहे में 28 नवंबर तक कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 नवंबर तक गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. केरल और माहे में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.

आंध्र-कर्नाटक में बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं

तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 26 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है. यहां तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की संभावना है. तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 28 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में भी 26 नवंबर को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है.

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बढ़ेगी बारिश

अंडमान-निकोबार में 26 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके बाद 27 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच कई जगहों पर बारिश बढ़ने का अनुमान है. 1 दिसंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा में 27 नवंबर तक कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है. ओडिशा में 26 नवंबर तक कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहने की आशंका है.

पश्चिम और मध्य भारत में कोई बदलाव नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान किसी महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं है. गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है. इन राज्यों के लिए फिलहाल भारी बारिश का अलर्ट नहीं है.

POST A COMMENT