पुराने यूरिया प्लांट की जगह लेंगी नई आधुनिक इकाइयांसरकार ने देश में यूरिया का उत्पादन बढ़ाने और आयात घटाने के लिए बड़ा फैसला किया है. जुलाई में मंजूर हुई नई निवेश नीति के तहत 54,000 करोड़ रुपये की छह ब्राउनफील्ड गैस-आधारित यूरिया परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी गई है. उर्वरक मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.
ब्राउनफील्ड परियोजना का मतलब है पहले से मौजूद प्लांट का विस्तार करना या उसकी जगह नया प्लांट लगाना. इनमें जमीन, सुविधाएं, बुनियादी ढांचा, लॉजिस्टिक्स और तकनीकी कर्मचारी पहले से उपलब्ध होते हैं. इससे काम जल्दी पूरा होता है और लागत भी कम आती है. अधिकारी ने बताया कि ऐसी और भी परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं.
राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति (एनआईपीयू) 2026 को 30 जुलाई को अधिसूचित किया गया था. इसका मकसद नई क्षमता को बढ़ाना है, खासकर ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड परियोजनाओं को. अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि इस नीति के तहत 18 प्रस्ताव मिले, जिनमें से सार्वजनिक, निजी और सहकारी क्षेत्र की छह प्रमुख परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया है.
एमएफएल-मद्रास (चेन्नई): सार्वजनिक क्षेत्र की परियोजना. यह 60 साल से ज्यादा पुरानी इकाई की जगह लेगी, जिसमें उत्पादन लागत और ऊर्जा खपत ज्यादा है और सुरक्षा संबंधी खतरे भी हैं.
एनएफएल नांगल (पंजाब): सार्वजनिक क्षेत्र की परियोजना। 1978 में लगे प्लांट की जगह आधुनिक इकाई लगेगी. मौजूदा क्षमता 4.73 लाख टन सालाना है, जिसे बढ़ाकर 12.7 लाख टन किया जाएगा.
केएफएल-शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश): कृभको की सहकारी परियोजना. 1995 में शुरू हुई इकाई का विस्तार होगा. मैटिक्स-पानागढ़ (पश्चिम बंगाल): निजी परियोजना. यह 2017 में शुरू हुए प्लांट पर आधारित है. अभी राज्य में सिर्फ एक यूरिया प्लांट है, इसलिए नई इकाई राज्य की जरूरत पूरी करने में मदद करेगी.
सीएफसीएल गडेपन (कोटा, राजस्थान): निजी परियोजना. 1994 से चल रहे कॉम्प्लेक्स का विस्तार होगा. आईआईपीएल-जगदीशपुर (उत्तर प्रदेश): निजी परियोजना. 1988 में लगे प्लांट की क्षमता में सालाना 12.7 लाख टन की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है.
अधिकारी के मुताबिक पुरानी इकाइयों में उत्पादन लागत ज्यादा आती है, ऊर्जा ज्यादा खर्च होती है और प्रक्रिया-सुरक्षा से जुड़े जोखिम भी ज्यादा होते हैं. नांगल प्लांट में एक टन यूरिया बनाने में 6.498 Gcal ऊर्जा लगती है. उद्योग का औसत 5.95 Gcal है, जबकि नए ऊर्जा मानक के हिसाब से यह 5 Gcal होनी चाहिए.
भारत में यूरिया की सालाना खपत करीब 400 लाख टन है. घरेलू उत्पादन 2014-15 में 225 लाख टन था, जो 2023-24 में रिकॉर्ड 314.07 लाख टन तक पहुंचा. 2025-26 में उत्पादन 293.30 लाख टन रहा. देश की कुल घरेलू उत्पादन क्षमता 2014-15 के 207.54 लाख टन से बढ़कर 2026-27 में 269.42 लाख टन हो गई है.
अधिकारी ने कहा कि नई क्षमता और विस्तार योजनाओं से आयात पर निर्भरता काफी कम होगी और विदेशी मुद्रा की बचत होगी.
हर ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट की अनुमानित पूंजी लागत करीब 9,000 करोड़ रुपये है. इस तरह छह प्लांटों में लगभग 54,000 करोड़ रुपये का नया निवेश आने की उम्मीद है. ब्राउनफील्ड परियोजनाओं के फायदों से सालाना 225 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान है, जो आठ साल में कुल 1,800 करोड़ रुपये होगी.
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने 15 जुलाई को एनआईपीयू-2026 को मंजूरी दी थी. यह नीति स्थिर लागत और ऊर्जा लागत को अलग-अलग रखती है. ऊर्जा लागत वाला हिस्सा पहले जैसा रखा गया है, जबकि स्थिर लागत करीब 8 प्रतिशत घटाई गई है. इससे ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड, दोनों तरह की परियोजनाओं के लिए रियायती कीमतों में लगभग 14 प्रतिशत की कमी आई है.
इससे पहले 'न्यू इन्वेस्टमेंट पॉलिसी-2012' (घोषणा 2 जनवरी 2013, संशोधन 7 अक्टूबर 2014) के तहत यूरिया की छह नई इकाइयां लगीं. हर इकाई की क्षमता 12.7 लाख टन सालाना थी, यानी कुल 76.2 लाख टन की अतिरिक्त क्षमता जुड़ी.
इनमें चार सार्वजनिक क्षेत्र की संयुक्त उद्यम इकाइयां हैं: रामागुंडम (तेलंगाना), गोरखपुर (उत्तर प्रदेश), सिंदरी (झारखंड) और बरौनी (बिहार). बाकी दो निजी इकाइयां हैं: मैटिक्स फर्टिलाइजर्स की पानागढ़ और चंबल फर्टिलाइजर्स की गाडेपान-III.
मौजूदा 25 गैस-आधारित इकाइयों के लिए 25 मई 2015 को 'न्यू यूरिया पॉलिसी-2015' अधिसूचित हुई थी. इसके नतीजे में 2014-15 की तुलना में सालाना 20-25 लाख टन अतिरिक्त यूरिया का उत्पादन हुआ.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today