कैसा रहेगा आज का मौसमदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 अगस्त के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. खासकर पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और कोंकण-गोवा में तेज बारिश की संभावना है. वहीं, बंगाल की खाड़ी में 12 अगस्त के आसपास नया कम दबाव का क्षेत्र बनने के संकेत हैं, जिसके असर से ओडिशा में 12 से 14 अगस्त के बीच बहुत भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा. यहां उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि हिमाचल प्रदेश में भी कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं. पश्चिम राजस्थान में भारी बारिश और पूर्वी राजस्थान में कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
पश्चिम मध्य प्रदेश में 11 अगस्त को कई स्थानों पर बारिश जारी रहेगी और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश में भी व्यापक बारिश का दौर बना रहेगा. छत्तीसगढ़ में भी कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं, हालांकि सबसे ज्यादा असर पश्चिमी मध्य प्रदेश में रहने की संभावना है.
ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश जारी रहेगी. 11 अगस्त को ओडिशा में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. झारखंड और बिहार में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि 12 अगस्त के बाद इन राज्यों में बारिश का दायरा और बढ़ सकता है.
इधर, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 अगस्त को कई जगहों पर बारिश होगी. असम-मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
गुजरात, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में बारिश का दौर जारी रहेगा. 11 अगस्त को गुजरात और कोंकण-गोवा में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. सौराष्ट्र-कच्छ और मराठवाड़ा में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.
केरल, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु और आंतरिक कर्नाटक में बारिश जारी रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में गरज-चमक और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
IMD ने 11 से 15 अगस्त के बीच उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट के आसपास समुद्र में तेज हवाओं और खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. अरब सागर के कई हिस्सों में भी समुद्र उग्र रहने की संभावना है. ऐसे में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए पूर्वी राजस्थान के बारां, बूंदी, झालावाड़ और कोटा और पश्चिम मध्य प्रदेश के आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी जिलों में निचले इलाकों में जलभराव और अचानक बाढ़ का खतरा जताया है. इसके अलावा उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का जोखिम बना हुआ है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today