कई राज्यों में आगे बढ़ा मॉनसूनभारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मध्य और पूर्वी भारत में आगे बढ़ रहा है और अगले 3-4 दिनों में छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के और हिस्सों में फैलने की संभावना है. साथ ही, मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर और उप-हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार व झारखंड के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी (हीटवेव) की स्थिति बनी हुई है.
IMD के अनुसार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए 27-29 जून तक रेड वॉर्निंग जारी की गई है, जबकि असम और मेघालय में 28 जून को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. आने वाले दिनों में अरुणाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में भी भारी से बहुत भारी बारिश की उम्मीद है.
इस बीच, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 जून से 27 जून तक भीषण गर्मी की स्थिति बने रहने की संभावना है और 28 जून तक तापमान अधिक रहेगा. अगले दो दिनों में बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में भी हीटवेव की स्थिति रहने की उम्मीद है.
IMD ने 25-26 जून के दौरान राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, बिहार और मराठवाड़ा में आंधी-तूफान और 50-60 किमी प्रति घंटे (झोंकों के साथ 70 किमी प्रति घंटे तक) की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी है.
दिल्ली-NCR के लिए, मौसम विभाग ने 25 जून से 27 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है, जिससे मौजूदा गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि पूर्वी इलाके में कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई.
रोजाना के मौसम अपडेट के मुताबिक, पूर्वी राजस्थान में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान आया, जबकि दो-तीन जगहों पर भारी बारिश हुई. पश्चिमी राजस्थान में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई.
विभाग ने बताया कि राज्य में सबसे ज्यादा बारिश बारां जिले के अटरू में दर्ज की गई, जहां इस दौरान 90 मिमी बारिश हुई.
वहीं, राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान ज्यादा बना रहा. श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
जोधपुर में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे पता चलता है कि रातें गर्म रहीं, जबकि राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने कहा कि मॉनसून के और मजबूत होने के साथ राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.(अनमोल नाथ बाली की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today