Mausam Alert: देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की आशंका, IMD ने जारी किया अपडेट

Mausam Alert: देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की आशंका, IMD ने जारी किया अपडेट

देशभर में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है, जहां कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में ज्यादा असर दिखेगा, जबकि दिल्ली-एनसीआर में हल्की राहत के साथ बदलाव जारी रहेगा.

Advertisement
Mausam Alert: देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की आशंका, IMD ने जारी किया अपडेटआज का मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में जानकारी दी है कि देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बिगड़ा रहेगा. ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में 24 मार्च तक गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश जारी रहने की संभावना है. 22 मार्च को पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में बारिश और आंधी का असर जारी रहेगा. 

वहीं, उत्तर भारत के हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 23 मार्च के आसपास बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां शुरू होंगी, जबकि उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों और राजस्थान के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है. इसके अलावा पश्चिम भारत के महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं. दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और कर्नाटक में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

दिल्ली-एनसीआर का मौसम अपडेट

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम ठंडा बना हुआ है. 22 मार्च को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और रात के समय बादल बढ़ सकते हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 से 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं, 23 मार्च को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक की संभावना भी जताई गई है.

अन्य राज्यों में मौसम का पूर्वानुमान

उत्तर-पश्चिम भारत में 24 से 27 मार्च के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है. मध्य भारत के छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 21 से 25 मार्च के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार हैं. 

वहीं, पश्चिम भारत के कोंकण-गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, लेकिन कुछ इलाकों में बारिश भी देखने को मिल सकती है. पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 21 से 27 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रह सकता है. इसके अलावा दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के साथ उमस भरा मौसम बना रहेगा.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

पश्चिम बंगाल और बिहार में किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने की सलाह दी गई है, ताकि फसलों को जलभराव से बचाया जा सके. सब्जियों और बागवानी फसलों को बचाने के लिए पॉलीथिन या नेट से ढकने की सलाह है. पूर्वोत्तर राज्यों में तेज हवाओं को देखते हुए फसलों को बांधकर सुरक्षित रखना जरूरी है. 

वहीं, उत्तर भारत में जहां आंधी और बारिश की संभावना है वहां कटाई की गई फसल को खुले में न रखें और तिरपाल से ढककर सुरक्षित करें. महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत के किसानों को तापमान बढ़ने के साथ सिंचाई प्रबंधन पर ध्यान देने की जरूरत है. पशुपालकों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ें और चारे को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि नुकसान से बचा जा सके.

POST A COMMENT