बंगाल के आसपास बना लो प्रेशर एरिया कमजाेर पड़ा, इन राज्‍यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया अपडेट

बंगाल के आसपास बना लो प्रेशर एरिया कमजाेर पड़ा, इन राज्‍यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के आसपास बना लो प्रेशर एरिया कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसके असर से कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा. 18 जुलाई को बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम समेत कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

Advertisement
बंगाल के आसपास बना लो प्रेशर एरिया कमजाेर पड़ा, इन राज्‍यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया अपडेटआज का मौसम (AI Image)

पश्चिम बंगाल और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसके प्रभाव से नमी लगातार बनी हुई है. इसी वजह से 18 और 19 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भी अगले सात दिनों तक कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 

इन राज्यों में रहेगा सबसे ज्यादा असर

18 जुलाई को बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज बारिश की संभावना है. छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर भारी वर्षा जारी रह सकती है. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा. दूसरी ओर पश्चिमी और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सामान्य से कम रहने का अनुमान है. गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. 

दिल्ली में गर्मी से मिलेगी राहत

IMD के मुताबि‍क, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 18 जुलाई से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा. दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है. 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. 

इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 19 और 20 जुलाई को भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे उमस से राहत मिलने की संभावना है. 

उत्तर और मध्य भारत में तेज बारिश का नया दौर

मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 23 जुलाई के बीच उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और बढ़ेंगी. 20 से 22 जुलाई के दौरान पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी अच्छी बारिश जारी रहने का अनुमान है. कई जगहों पर गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं भी चल सकती हैं. 

यहां बाढ़ जैसी हालात बनने का खतरा

पूर्वी भारत में गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा में लगातार बारिश का सिलसिला बना रहेगा. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 और 19 जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव, छोटे नालों और नदियों के उफान और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका जताई है. लोगों को गैर जरूरी यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है. 

किसानों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है वहां खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करें ताकि फसलों में जलभराव न हो. धान की नर्सरी, मक्का, सोयाबीन, अरहर, तिल, जूट, सब्जियों और बागवानी फसलों में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए. 

जिन इलाकों में लगातार बारिश का पूर्वानुमान है वहां सिंचाई, उर्वरक और कीटनाशक के छिड़काव का काम फिलहाल टाल देना बेहतर रहेगा. कटाई के लिए तैयार फसलों और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें और तिरपाल से ढंक दें. 

तेज हवा की संभावना वाले क्षेत्रों में केले, सब्जियों और फलदार पौधों को सहारा दें. पशुओं को खुले में न छोड़ें और चारा सुरक्षित जगह पर रखें. मछली पालन करने वाले किसान तालाबों के अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था करें, ताकि मछलियां बहकर बाहर न निकलें.

POST A COMMENT