देशभर में बदलेगा मौसम, कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

देशभर में बदलेगा मौसम, कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

देशभर में मौसम सक्रिय होने वाला है. 7 और 8 अप्रैल को दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के कारण उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में बारिश, आंधी, बिजली और ओलावृष्टि की संभावना है. कश्मीर घाटी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.

Advertisement
देशभर में बदलेगा मौसम, कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्टबारिश, आंधी और ओलों का डबल अलर्ट

देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण उत्तर-पश्चिम भारत समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली और ओलावृष्टि देखने को मिलेगी. 7 और 8 अप्रैल को इसका असर सबसे ज्यादा रहेगा, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी.

उत्तर-पश्चिम भारत में तेज असर

उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में मौसम तेजी से बदलने वाला है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 5 से 9 अप्रैल के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना है. खासकर 7 अप्रैल को कश्मीर घाटी में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 7 और 8 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

पूर्वी भारत में आंधी और ओलावृष्टि

पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम का असर साफ दिखाई देगा. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 5 से 8 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. बिहार में 6 और 8 अप्रैल को ओलावृष्टि हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान होने का खतरा है. वहीं झारखंड में 6 से 8 अप्रैल के बीच ओले गिरने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 5, 7 और 8 अप्रैल को ओलावृष्टि और 8-9 अप्रैल को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

मध्य और पश्चिम भारत का हाल

मध्य भारत में भी मौसम बदलने वाला है. छत्तीसगढ़ में 5 अप्रैल को और पश्चिम मध्य प्रदेश में 8 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना है. इसके अलावा हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों जैसे गुजरात और मराठवाड़ा में भी हल्की बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है.

दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर

दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश का असर जारी रहेगा. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 5 और 6 अप्रैल को तमिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.

पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रह सकती है. कुछ जगहों पर भारी बारिश का भी अलर्ट है. यहां तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम में इस बदलाव के कारण देश के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से कम या सामान्य के आसपास रहेगा. पूर्वी भारत में 8 अप्रैल तक तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है. वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में पहले 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, लेकिन 7 और 8 अप्रैल को फिर गिरावट दर्ज की जाएगी.

कुल मिलाकर आने वाले एक हफ्ते में देश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम अस्थिर रहने वाला है. कहीं बारिश तो कहीं आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिलेगी. ऐसे में किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. खासकर जिन इलाकों में ओले गिरने की संभावना है, वहां फसलों को नुकसान से बचाने के लिए पहले से तैयारी करना जरूरी है. मौसम विभाग की सलाह मानते हुए सुरक्षित रहना ही इस समय सबसे बेहतर उपाय है.

ये भी पढ़ें: 

ओलावृष्टि से फसल नुकसान पर सियासत तेज, किसानों को इतने हजार रुपये मुआवजा देने की मांग
LPG संकट के बीच सहारनपुर का किसान बना आत्मनिर्भर, अपनाया ये देसी मॉडल

POST A COMMENT