आज का मौसम (AI Image)भारत मौसम विज्ञान विभाग ने एक के बाद सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने की संभावना जताई है. एक ओर जहां पहला पश्चिमी विक्षोभ असर दिखा ही रहा है. वहीं, 7 और 8 अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम फिर बिगड़ेगा. 5 अप्रैल को देश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रहेगा. पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा. मध्य भारत के छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है. दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में भी बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं.
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 5 अप्रैल को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रह सकता है. 6 अप्रैल को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा लेकिन हल्के बादल छाए रहेंगे. 7 अप्रैल को मौसम फिर बिगड़ेगा और दिन में दो बार हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा.
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 7-10 अप्रैल के बीच फिर से बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का असर रहेगा. राजस्थान में भी 6-7 अप्रैल को आंधी और बारिश की संभावना है. पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 5 से 9 अप्रैल तक गरज-चमक और ओलावृष्टि का खतरा बना रहेगा.
वहीं, मध्य भारत में मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक मौसम खराब रहेगा. पश्चिम भारत में महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में 4 से 8 अप्रैल के बीच बारिश का दौर जारी रहेगा.
किसानों को सलाह दी गई है कि पकी हुई फसलों की तुरंत कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें और खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था बनाए रखें. ओलावृष्टि से बचाव के लिए बागवानी फसलों पर नेट या कवर का इस्तेमाल करें.
पशुपालकों को जानवरों को खुले में न छोड़ने और शेड में सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है. वहीं, मछुआरों को 4 से 9 अप्रैल के बीच अरब सागर के कुछ हिस्सों में समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है. साथ ही लोगों को खराब मौसम के दौरान घर के अंदर रहने और बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today