बारिश का नया दौर शुरू! डिप्रेशन होगा और मजबूत, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों पर IMD का अलर्ट

बारिश का नया दौर शुरू! डिप्रेशन होगा और मजबूत, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों पर IMD का अलर्ट

आईएमडी ने बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के डीप डिप्रेशन में बदलने की चेतावनी दी है. इसके असर से ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत कई राज्यों में 1 अगस्त तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Advertisement
बारिश का नया दौर शुरू! डिप्रेशन होगा और मजबूत, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों पर IMD का अलर्टआज का मौसम

नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके 27 जुलाई को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट से टकराने की संभावना है. इसके असर से पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है.

कहां पहुंचा डिप्रेशन?

आईएमडी के अनुसार, रविवार सुबह यह डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना हुआ था. यह सागर द्वीप, दीघा, चांदबली और बालासोर के पास समुद्र में स्थित है. मौसम विभाग का कहना है कि यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और 27 जुलाई तक डीप डिप्रेशन बनकर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के बीच तट से टकराएगा.

ओडिशा और छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा असर

इस मौसम प्रणाली का सबसे ज्यादा असर ओडिशा और छत्तीसगढ़ में देखने को मिलेगा. ओडिशा में 26 और 27 जुलाई को कई जगहों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. वहीं, छत्तीसगढ़ में 27 जुलाई को बेहद तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिम बंगाल के गंगीय इलाकों में भी 26 और 27 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है. झारखंड में 26 से 28 जुलाई तक और बिहार में 28 जुलाई से 1 अगस्त तक कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.

दिल्ली, यूपी और उत्तर भारत में कब होगी बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 28 से 31 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. उत्तर प्रदेश में भी 27 जुलाई से 1 अगस्त के बीच अच्छी बारिश होने की संभावना है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी अगले कई दिनों तक बारिश जारी रहेगी. पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना रह सकता है.

मध्य और पश्चिम भारत में भी बारिश तेज

मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश होने का अनुमान है. मध्य प्रदेश के कई जिलों में 27 से 31 जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है. वहीं, कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात के कई हिस्सों में भी तेज बारिश का दौर जारी रहेगा.

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत का मौसम

केरल, तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. वहीं, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 31 जुलाई तक अच्छी बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है.

लोगों के लिए क्या है सलाह?

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है. भारी बारिश के समय नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें. गरज-चमक के दौरान खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े न हों. मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि समुद्र में तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठ सकती हैं.

ये भी पढ़ें: 

अब स्मार्ट पैकेजिंग से बढ़ेगी कृषि उत्पादों की शेल्फ लाइफ, भोपाल में देशभर के वैज्ञानिकों ने तैयार किया रोडमैप
Crop Insurance: बदलते मौसम की मार से हिफ़ाजत, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एक मज़बूत कदम

 

POST A COMMENT