आज का मौसम (AI Image)देश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में अगले कई दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश के लिए अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है. विभाग ने दक्षिणी राज्यों में मौसमी गतिविधियों को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस बीच, बंगाल की खाड़ी में 23 अक्टूबर के आसपास नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसके आगे बढ़ने और मजबूत होने का अनुमान है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में 24 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख सकता है, जिससे दिल्ली-एनसीआर समेत कुछ राज्यों में हल्की बारिश के आसार हैं.
आईएमडी के मुताबिक, 24 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिम भारत पर नया पश्चिमी विक्षोभ असर डाल सकता है. इसके प्रभाव से 23 और 24 अक्टूबर को दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं.
उत्तराखंड में 23 से 25 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. वहीं, राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 23 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान है. हालांकि, उत्तर भारत में दक्षिण भारत जैसी व्यापक भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, 23 अक्टूबर को मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र के अधिकतर हिस्सों और छत्तीसगढ़ में ज्यादातर जगह मौसम शुष्क रह सकता है. बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में भी फिलहाल बड़े पैमाने पर बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
दक्षिण भारत में अगले कई दिनों तक बारिश का जोर बना रह सकता है. आईएमडी ने 23 अक्टूबर को केरल और माहे, लक्षद्वीप और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है.
इसके अलावा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. केरल और लक्षद्वीप में व्यापक स्तर पर बारिश होने का अनुमान है, जबकि तमिलनाडु में कई जगह बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है. वहीं, अंडमान-निकोबार, आंतरिक कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप और रायलसीमा में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today