आज का मौसम (फाइल फोटो)भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि देश के मध्य, पूर्व और प्रायद्वीपीय हिस्सों में 20 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है. पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और मराठवाड़ा में अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बन सकती है. वहीं ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा. दूसरी ओर, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम में 18 से 20 अप्रैल के बीच भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
आईएमडी के अनुसार, 17 अप्रैल को देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 38 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मध्य भारत और पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का प्रभाव बना रहेगा, जबकि पूर्वोत्तर भारत में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी इलाकों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों जैसे झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 17 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहने और दोपहर या शाम के समय गरज के साथ बादल बनने की संभावना है. अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा, जिससे गर्मी का असर साफ महसूस होगा. इस दौरान हवा की रफ्तार दिन में 10 से 15 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है, जिससे हल्की राहत मिल सकती है लेकिन कुल मिलाकर गर्मी बनी रहेगी.
उत्तर-पश्चिम भारत में 17 से 19 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में 17 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है.
पूर्वी भारत के ओडिशा, झारखंड और बिहार में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि गंगीय पश्चिम बंगाल में तेज आंधी की चेतावनी है. मध्य भारत में 19-20 अप्रैल को पश्चिम मध्य प्रदेश में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि विदर्भ और छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने की संभावना है.
दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 18 से 20 अप्रैल के बीच हल्की बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग की ओर से लू और उच्च तापमान को देखते हुए किसानों को फसलों में हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है, खासकर मूंग, मूंगफली, सब्जियों और बागवानी फसलों में सिंचाई जरूरी है.
किसान मिट्टी की नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग का उपयोग करें और नई पौधों पर शेड नेट लगाएं. जहां आंधी-तूफान की संभावना है, वहां कटाई के बाद फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें और तिरपाल से ढक दें.
भारी बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों से जल निकासी की उचित व्यवस्था, करें ताकि फसल को नुकसान न हो. ओलावृष्टि की आशंका वाले इलाकों में बागवानी फसलों को जाल से ढकने की सलाह दी गई है.
पशुपालकों को सलाह है कि जानवरों को छायादार स्थान पर रखें, साफ पानी उपलब्ध कराएं और चारे को सुरक्षित जगह पर स्टोर करें. तेज गर्मी के दौरान पोल्ट्री शेड को ठंडा रखने के उपाय करें, ताकि पशुओं पर गर्मी का असर कम हो सके.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today