दिल्‍ली-NCR में गर्मी से मिलेगी राहत! कई राज्‍यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

दिल्‍ली-NCR में गर्मी से मिलेगी राहत! कई राज्‍यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

देशभर में मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है. 11 जून को उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज आंधी, धूलभरी हवाएं, गरज-चमक और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का अलर्ट है. वहीं पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. मॉनसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है.

Advertisement
दिल्‍ली-NCR में गर्मी से मिलेगी राहत! कई राज्‍यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेटआज का मौसम (फाइल फोटो)

देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत में 13 जून तक तेज आंधी, गरज-चमक, धूलभरी हवाओं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. 11 और 12 जून को हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. दूसरी तरफ पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.

वहीं, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भी आगे बढ़ रहा है और अगले 3 से 4 दिनों में महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के और हिस्सों तक पहुंचने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.

11 जून को इन राज्‍यों में होगी बारिश

11 जून को उत्तर भारत में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का असर दिख सकता है. कई स्थानों पर धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि भी संभव है. पूर्वी भारत में बिहार, ओडिशा, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं.

मौसम विभाग के अनुसार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का दौर बना रह सकता है. पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बारिश और कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा की स्थिति बनी रहने का अनुमान है. दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से मिलेगी राहत

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के लिए 11 जून राहत और जोखिम दोनों लेकर आ सकता है. दिन की शुरुआत गर्म और उमस भरी रह सकती है, लेकिन दोपहर बाद मौसम करवट लेने के संकेत हैं. शाम और रात के समय हल्की बारिश, गरज-चमक, धूलभरी आंधी और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

इस दौरान अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 12 जून को मौसम और ज्यादा बदल सकता है और बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट संभव है. 13 जून तक अधिकतम तापमान मध्य 30 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है.

12 जून और आगे का क्षेत्रवार मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभगा के मुताबिक, 12 जून से 16 जून के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और आंधी की गतिविधियां रुक-रुक कर जारी रहने के संकेत हैं. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 12 से 16 जून के बीच बारिश और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है. 

राजस्थान और मध्य भारत के हिस्सों में 12 से 14 जून के दौरान तेज हवाओं के साथ स्थानीय बारिश हो सकती है. पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और ओडिशा में 12 और 13 जून को भारी बारिश के दौर की संभावना है. 

पूर्वोत्तर भारत में 14 से 16 जून तक भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रह सकती है. पश्चिमी तट पर कोंकण, गोवा और कर्नाटक में बारिश सक्रिय बनी रहेगी, जबकि केरल और तटीय इलाकों में कई दौर की तेज बारिश देखने को मिल सकती है.

किसानों और पशुपालकों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में आंधी, तेज हवा या बारिश का अलर्ट है वहां कटाई के बाद उपज को खुले में न छोड़ें और तिरपाल से ढंककर सुरक्षित रखें. फल और सब्जी फसलों को सहारा दें तथा खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखें. 

जिन इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका है वहां बागवानी फसलों की अतिरिक्त सुरक्षा करें. धान नर्सरी और सब्जी क्षेत्रों में पानी जमा न होने दें. पशुपालक तेज बारिश और आंधी के दौरान पशुओं को खुले में न रखें और स्वच्छ पानी तथा सुरक्षित चारे की व्यवस्था बनाए रखें.

POST A COMMENT