रायथु भरोसा योजनामुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार 22 मार्च को किसानों के लिए रायथु भरोसा योजना की पहली किस्त जारी करेगी. मुख्यमंत्री सिद्दीपेट जिले के नर्मेट्टा से इस योजना की राशि किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे. सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में उपमुख्यमंत्री मल्लु भट्टी विक्रमार्क और कृषि मंत्री थुम्मला नागेश्वर राव और अन्य अधिकारियों के साथ के साथ बैठक की. बैठक में रायथु भरोसा योजना की राशि किसानों के खातों में जमा करने पर चर्चा की गई.
सरकार पहली किस्त के रूप में 3,590 करोड़ रुपये जारी करेगी. इस राशि का लाभ एक एकड़ तक जमीन रखने वाले करीब 70 लाख किसानों को मिलेगा. यह पैसा सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाएगा, जिससे किसानों को खेती के कामों में आर्थिक मदद मिल सकेगी.
सरकार ने बताया कि रायथु भरोसा योजना के तहत किसानों को कुल 9,000 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी, जो तीन किस्तों में जारी होगी. पहली किस्त 22 मार्च को जारी होगी. वहीं, दूसरी किस्त पहली किस्त के करीब 20 दिन बाद, लगभग 2,650 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे. इसके अलावा तीसरी और अंतिम किस्त अप्रैल के अंत तक किसानों के खातों में भेज दी जाएगी. सरकार का कहना है कि योजना की पूरी राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी, ताकि उन्हें समय पर आर्थिक सहायता मिल सके और खेती के काम आसानी से हो सकें.
इससे पहले मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने मूसी नदी के पुनरुद्धार की जरूरत पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि यह परियोजना हैदराबाद के भविष्य के लिए बहुत जरूरी है. मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने नदी तट विकास के मॉडल को समझने के लिए लंदन, सिंगापुर और अहमदाबाद जैसे शहरों का दौरा किया है. उन्होंने साबरमती नदी के विकास मॉडल का भी अध्ययन किया है.
रायथु भरोसा योजना तेलंगाना सरकार की एक किसान सहायता योजना है, जिसका उद्देश्य किसानों को खेती के खर्च के लिए आर्थिक मदद देना है. इस योजना के तहत राज्य सरकार किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में पैसा देती है, ताकि वे बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें. वहीं, इस योजना का मुख्य लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें खेती के लिए आर्थिक सुरक्षा देना है. इससे किसानों को साहूकारों या महंगे कर्ज पर निर्भर नहीं रहना पड़ता.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today