CM Yogi Adityanathउत्तर प्रदेश के किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक बड़ी सौगात देते हुए रामपुर में ₹690 करोड़ से अधिक लागत की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया. इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, किसानों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना है. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद कृषि, ग्रामीण विकास और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में कई बदलाव देखने को मिला है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, गांवों में बेहतर सड़क, बिजली और सिंचाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज करने के लिए लगातार काम कर रही है. उनका कहना था कि मजबूत आधारभूत सुविधाएं केवल शहरों के लिए ही नहीं बल्कि किसानों और गांवों के विकास के लिए भी जरूरी हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2017 से पहले रामपुर की स्थिति बिल्कुल अलग थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय गरीबों की जमीनों पर कब्जा किया जाता था और वाल्मीकि समुदाय सहित कमजोर वर्गों को उनके अधिकारों से दूर किया जाता था. उन्होंने कहा कि जब सत्ता निरंकुश हो जाती है तो अन्याय बढ़ता है और आम लोगों की आवाज दब जाती है. उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से बदलाव लाकर नई सरकार को मौका दिया, जिसके बाद रामपुर को नई पहचान मिलने लगी.
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं थी. उनके अनुसार उस समय बेटियां, व्यापारी और किसान खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे. उन्होंने दावा किया कि किसान आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे थे.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता की कमी थी और कई मामलों में न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ता था. साथ ही उन्होंने कहा कि विकास कार्य कुछ चुनिंदा लोगों तक सीमित रह गए थे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में धार्मिक आयोजनों और त्योहारों को लेकर कई तरह की परेशानियां देखने को मिलती थीं. उन्होंने दावा किया कि अब कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा, जन्माष्टमी और अन्य धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित हो रहे हैं.
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भगवान राम और अयोध्या का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भगवान राम के प्रति आस्था पूरे देश में दिखाई दे रही है. उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले भगवान राम के अस्तित्व और राम मंदिर के मुद्दे पर अलग रुख रखते थे, वे आज रामभक्ति की बात कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामपुर में शुरू की गई ₹690 करोड़ से अधिक की 102 विकास परियोजनाएं जिले के विकास को नई गति देंगी. उनका कहना था कि इन परियोजनाओं से सड़क, आधारभूत सुविधाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को मजबूती मिलेगी, जिसका लाभ किसानों, युवाओं और आम नागरिकों को मिलेगा.
रामपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति, कानून-व्यवस्था, कृषि, ग्रामीण विकास और धार्मिक आस्था जैसे कई मुद्दों पर अपनी सरकार का पक्ष रखा. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में विकास और सुशासन की दिशा में बड़े बदलाव हुए हैं, जबकि विपक्ष पर पूर्व की व्यवस्थाओं को लेकर कई आरोप भी लगाए.
ये भी पढ़ें:
बिजली संकट पर उबाल: KMM का पावरकॉम दफ्तरों के घेराव का ऐलान, इन जिलों में विरोध प्रदर्शन
खरीफ फसलों पर सूखे का साया, देश के जलाशयों में भी पानी का स्टॉक घटा
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today