
उत्तर प्रदेश के ऋणी किसानों को मिलेगा लाभ.उत्तर प्रदेश के किसानों के हित में योगी सरकार ने बड़ी पहल की है. राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने खरीफ 2026 मौसम के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं चयनित जनपदों में संचालित पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत ऋणी किसानों के फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त से बढ़ाकर 10 सितंबर 2026 कर दी है. प्रदेश के प्रदेश सरकार द्वारा किए गए अनुरोध को स्वीकार करते हुए भारत सरकार ने प्रदेश के सभी जनपदों के ऋणी किसानों को राहत दी है. कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रदेश के सभी पात्र किसानों से अपील किया है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी खेती को प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसमीय जोखिमों से सुरक्षित रखें.
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि प्रदेश के सभी जनपदों में प्राकृतिक आपदा एवं प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण फसल नुकसान से किसानों की आय को स्थिरता प्रदान करने के उद्देश्य से यह योजनाएं संचालित की जा रही हैं.

शासन द्वारा वर्ष 2026-27 में भी इन योजनाओं को पूर्ववत लागू किया गया है. तिथि विस्तार की सूचना प्रदेश के सभी बैंकों और संबंधित अधिकारियों को कर दी गई है, जिससे अधिक से अधिक पात्र ऋणी किसानों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके.
कृषि मंत्री शाही ने बताया कि प्रदेश में फसल बीमा योजना के जरिए किसानों को व्यापक आर्थिक संबल मिल रहा है. वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक प्रदेश के 69.22 लाख लाभार्थी किसानों को कुल 6,119.93 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दी जा चुकी है. खरीफ 2025 में 20.63 लाख बीमित किसानों में से 7.27 लाख किसानों को 808.56 करोड़ रुपये तथा रबी 2025-26 में 1.67 लाख किसानों को 134.60 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है. इस संबंध में सभी पात्र ऋणी किसानों से बिना विलंब अपनी बैंक शाखा से संपर्क कर 10 सितंबर तक बीमा कराने की अपील की गई है.
ये भी पढ़ें-
यूपी में अब चीनी मिलों तक समय पर पहुंचेगा गन्ना, योगी सरकार ने 48 लाख किसानों की दी बड़ी राहत
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today