सीएम किसान सम्मान निधि योजना (सांकेतिक तस्वीर)राजस्थान के किसानों को रविवार को बड़ी सौगात मिली. मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के किसानों को छठी किस्त ट्रांसफर की गई. देश के गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में मंच से बटन दबाकर लाखों किसानों के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर हुए. इस दौरान एक साथ कार्यक्रम में मौजूद सैकड़ों किसानों के फोन की घंटी बजी और किसानों के चेहरे पर खुशी नजर आई. एक हजार रुपये किसानों के बैंक खाते में पहुंचे.
अलवर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 17 जिलों को 6453 करोड़ रुपये के 954 विकास कार्यों की सौगात मिलेगी, जिसमें अलवर जिले के कुल 368.19 करोड़ रुपये के 90 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया, जिनमें 83.16 करोड़ रुपये के 42 विकास कार्यों का शिलान्यास और 285.04 करोड़ रुपये के 48 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया. मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 6वीं किश्त के तहत जिले के 1 लाख 47 हजार 240 लाभार्थी किसानों को 14 करोड़ 72 लाख 40 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई.
राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव में अलवर जिले के विभिन्न विभागों के 461 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिनमें प्रशासनिक सुधार विभाग में 306, स्वास्थ्य विभाग में 66, कारागार में 40, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम में 21, शिक्षा विभाग में 19, सचिवालय में 8 और सार्वजनिक निर्माण विभाग में 1 नव चयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र मिलने पर उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई.
राजस्थान में गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दौरा निकाय और पंचायत चुनाव को देखते हुए खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सरकार की तरफ से किसान सहकारी समितियां ग्रामीण लोगों के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं. साथ ही प्रदेश के अलग-अलग शहरों में नए डेयरी प्लांट और डेयरी प्लांट की क्षमता बढ़ाई गई है. इसका सीधा फायदा किसानों और पशुपालकों को मिलेगा.
इसी के साथ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 152 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के जरिये ट्रांसफर की गई. साथ ही, 10 हजार 548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अलवर के भूगोर तिराहे का नाम कप्तान छुट्टनलाल मीणा चौक करने की घोषणा की.
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि केंद्रीय सहकारिता मंत्री द्वारा विभिन्न परियोजनाओं की सौगात से अलवर विकास के एक नए अध्याय की ओर बढ़ रहा है. जिन विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया है, वे केवल ईंट और पत्थर के बने हुए प्रकल्प नहीं हैं, बल्कि अलवर के मजबूत और उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं. उन्होंने कहा कि केंद्रीय सहकारिता मंत्री ने सहकारिता को फाइलों से निकालकर गांव की चौपालों तक पहुंचाया है. यही कारण है कि आज सहकारिता केवल कृषि लोन तक सीमित नहीं है, बल्कि डेयरी, मत्स्य पालन, जैविक उत्पाद, भंडारण, ग्रामीण उद्यमिता और अब भारत टैक्सी व पेट्रोल पंप जैसे अनेक उद्योगों के अवसर नौजवानों को दे रही है.
इस दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री जोराराम कुमावत, गृह राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जवाहर सिंह बेढम, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, सांसद मदन राठौड़, विधायक, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड चेयरमैन डॉ. मीनेश शाह सहित सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today